उत्तराखंड की राजनीति में टिहरी विधानसभा सीट हमेशा से सत्ता का केंद्र और अप्रत्याशित चुनावी परिणामों की प्रयोगशाला रही है। लेकिन 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले टिहरी का सियासी गणित एक अभूतपूर्व मोड़ पर खड़ा है। एक तरफ मतदाता सूची के सत्यापन (SIR) के दौरान कटे रिकॉर्ड 18,437 वोट और दूसरी तरफ 2022 के मुख्य प्रतिद्वंद्वियों का एक ही दल यानी भाजपा में जमावड़ा है। ये दोनों कारक मिलकर टिहरी में एक बड़े राजनीतिक तूफान का संकेत दे रहे हैं।
ये है टिहरी का चुनावी इतिहास
टिहरी का राजनीतिक मिजाज कभी भी किसी एक दल का स्थायी बंधक नहीं रहा। वर्ष 2012 में निर्दलीय दिनेश धनै ने जीत हासिल की। 2017 में भाजपा के धन सिंह नेगी जीते, और 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए किशोर उपाध्याय ने 19,802 वोट पाकर जीत दर्ज की।
2022 के विधानसभा चुनाव में हार-जीत का फैसला बेहद मामूली अंतर से हुआ था। भाजपा के किशोर उपाध्याय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी (उत्तराखंड जनएकता पार्टी के दिनेश धनै) को महज 951 वोटों के अंतर से हराया था। 2022 में भाजपा के किशोर उपाध्याय को 19,802 वोट, उजपा (निर्दलीय) दिनेश धनै को 18,851 वोट और कांग्रेस के धन सिंह नेगी को 6,385 वोट मिले थे।
हाल ही में मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के दौरान टिहरी में प्री-एसआईआर (Pre-SIR) में 8,975 वोट, एसआईआर (SIR) में 9,462 वोट यानी कुल 18,437 वोट कट चुके हैं। यह संख्या पिछली बार की हार-जीत के अंतर 951 से 17,486 अधिक है। इतने बड़े पैमाने पर वोटों का कटना किसी भी दल का समीकरण बिगाड़ने या बनाने के लिए काफी है। इन मतदाताओं में अधिकांश वे लोग हैं जो टिहरी बांध विस्थापन के कारण अन्यत्र चले गए या रोजगार की तलाश में पलायन कर चुके हैं। यह आंकड़ा सीधे तौर पर चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।
ये नेता रखते हैं क्षेत्र में मजबूत पकड़
टिहरी विधानसभा की जनसांख्यिकी मुख्य रूप से जातिगत संतुलन और विस्थापन के दर्द पर टिकी है। टिहरी के 50 से 55 % राजपूत और 30-35% ब्राह्मण मतदाता यहां पारंपरिक रूप से निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यहां 15-20% अनुसूचित जाति के वोटर हैं। जहां धन सिंह नेगी और दिनेश धनै राजपूत चेहरे के रूप में क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखते हैं, जबकि किशोर उपाध्याय ब्राह्मण वर्ग के बड़े नेताओं में गिने जाते हैं।
पुराना टिहरी शहर डूबने के बाद नई टिहरी में बसे लोगों के लिए आज भी भू-स्वामित्व के अधिकार, विस्थापन का मुआवजा, और पुरानी टिहरी की यादें भावुक मुद्दा हैं। नई टिहरी शहर में पर्यटन की अपार संभावनाओं के बावजूद बुनियादी सुविधाओं, पेयजल संकट और युवाओं के पलायन का मुद्दा स्थानीय राजनीति पर हावी रहता है।
BJP के भीतर ‘टिकट की जंग’
2027 के चुनाव की सबसे रोचक और पेचीदा स्थिति सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर आकार ले रही है। 2022 के चुनाव में जो तीन मुख्य चेहरे एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रहे थे, वे अब सभी भाजपा का अंग बन चुके हैं। किशोर उपाध्याय क्योंकि सिटिंग एमएलए होने हैं तो इस नाते उनका पहला दावा स्वाभाविक है।
वहीं 2022 में किशोर के निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे पूर्व मंत्री दिनेश धनै अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो चुके हैं। धनै का अपना मजबूत व्यक्तिगत जनाधार है। टिकट के एक और दावेदार हैं। 2017 में भाजपा से विधायक रहे धन सिंह नेगी। 2022 में जब पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय पलटी मार कर भाजपा में गए तो तत्कालीन भाजपा विधायक धन सिंह नेगी का पत्ता कट गया।
2022 में टिकट कटने पर वह पलटी मार कर कांग्रेस में गए और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े हालांकि तीसरे स्थान पर रहे। मगर त्रिवेंद्र गुट के करीबी माने जाने वाले नेगी की भी भाजपा में वापसी हो चुकी है। ऐसे में जब एक ही सीट पर 2022 के तीनों प्रमुख दावेदार एक ही दल के झंडे तले खड़े हों, तो 2027 के टिकट के लिए भाजपा के भीतर सिरफुटौव्वल और गुटबाजी होना लगभग तय है।
उपाध्याय के टिकट पर पड़ सकता है मंत्री के साथ छिड़ी जंग का असर
दिलचस्प बात यह है कि बीते दिनों मेडिकल कॉलेज को लेकर किशोर उपाध्याय और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच छिड़ी जंग का भी किशोर के टिकट पर असर हो सकता है क्योंकि सुबोध टिहरी में भी असर रखते हैं। मजेदार बात यह है कि इन तीनों ने 2022 में कुल पड़े वोटों का लगभग 96% हासिल किया था। भाजपा के लिए अब इस आंतरिक असंतोष को संभालना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
मजबूत और स्थानीय चेहरे की तलाश में कांग्रेस
उधर कांग्रेस हालांकि नए और मजबूत स्थानीय चेहरे की तलाश में है। मगर उसकी नजर भाजपा की सिर फुटौव्वल पर होगी कि कोई बागी हो तो उसे वह अपने पाले में कर ले। वह इसलिए कि उनके पुराने बड़े चेहरे पार्टी छोड़ चुके हैं। चर्चाएं यह भी हैं कि कांग्रेस दिनेश धनै को अपने पाले में लाने की कोशिश कर सकती है, जो 2022 में बहुत कम अंतर (951 वोट) से चुनाव हारे थे और भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बने थे।
हालांकि, दिनेश धनै भी अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं। यदि भाजपा में उन्हें टिकट नहीं मिलता है, तो कांग्रेस के द्वार उनके लिए खुल सकते हैं, हालांकि इसकी संभावना कम ही दिखती है। वैसे भाजपा में ही तीन टिकट दावेदार और हैं। जाखणीधार के ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल, राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान और भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जीत राम भट्ट।
उक्रांद नेता को मिले थे कम वोट
2022 में टिहरी सीट से उक्रांद की ओर से उर्मिला मैदान में थीं, लेकिन उन्हें बहुत कम वोट (252) मिले थे ऐसे में वह कोई बड़ी चुनौती पेश नहीं करता। बसपा का हाल भी कुछ ऐसा ही है मगर उक्रांद व बसपा कुछ वोट काटकर हार जीत के समीकरण प्रभावित कर सकते हैं ।
18,437 कटे हुए वोटों का नया गणित और भाजपा के भीतर तीन कद्दावर नेताओं की मौजूदगी ने टिहरी के भावी चुनाव को अत्यंत संवेदनशील बना दिया है। यदि भाजपा अपने अंदरूनी असंतोष को शांत करने में नाकाम रहती है, तो 951 वोटों के बहुत छोटे मार्जिन वाले इस क्षेत्र में निर्दलीय या विपक्षी प्रत्याशी बाजी मार सकते हैं। 2027 में टिहरी का ऊंट किस करवट बैठेगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि दल अपने बगावती सुरों को कैसे साधते हैं।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









