4 दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को मिलेगी मदद, 4 वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन की संस्तुति

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने रविवार को ‘पत्रकार कल्याण कोष’ (कॉर्पस फंड) और ‘मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना’ से संबंधित समितियों की बैठक की। बैठक में विभिन्न मामलों की समीक्षा की और पत्रकारों के कल्याण और सम्मान से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

4 दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को मिलेगी मदद

बैठक में समिति द्वारा पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने की संस्तुति की गई। इसके अलावा गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार को उपचार के लिए 5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति भी की गई। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत चार वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार प्रतिमाह की दर से पेंशन प्रदान किए जाने की संस्तुति की गई।

पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि सीएम धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग द्वारा संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े प्रकरणों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित कर पूरी संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा रहा है, ताकि पात्र पत्रकारों एवं उनके परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.