राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का आज एक गाना रिलीज हो गया है। आज दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र, देहरादून में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें फिल्म के चौथे गीत ‘जागर’ का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में फिल्म की उपलब्धि, उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा की संभावनाओं, लोक कलाकारों की भूमिका तथा पारंपरिक लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर विचार-विमर्श हुआ।
उत्तराखंड की फिल्म ‘ढोली दून में लॉन्च हुआ फिल्म का चौथा गीत ‘जागर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय जसोला ने कहा कि गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। ये उपलब्धि बताती है कि हमारी लोक संस्कृति और रचनात्मक परंपराओं में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की पर्याप्त क्षमता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विशिष्टताओं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने की जरूरत है। फिल्म के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से संपर्क स्थापित करना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी तक फिल्म और उसकी विषयवस्तु को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
फिल्म के ट्रेलर, संगीत की सराहना
विशिष्ट अतिथि एडवोकेट ललित जोशी ने फिल्म के ट्रेलर, संगीत और दृश्यांकन की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म की प्रस्तुति प्रभावशाली है। उन्होंने सुझाव दिया कि क्षेत्रीय फिल्मों के प्रचार-प्रसार के लिए सुनियोजित इवेंट मैनेजमेंट की व्यवस्था की जानी चाहिए और विभिन्न संस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सहयोग से फिल्म के विशेष शो प्रायोजित कराए जाने चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने ढोल वादकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। उनका यह प्रस्ताव लोक कलाकारों के परिवारों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
वरिष्ठ रंगकर्मी अभि नंदा ने अपनी संस्था ‘जागृति संस्था’ के माध्यम से फिल्म के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और रंगमंच की परंपराओं को आगे बढ़ाने में सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। रंगमंच और फिल्म जगत के बीच परस्पर सहयोग से क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति को व्यापक मंच प्रदान किया जा सकता है।
फिल्म के निर्देशक ने भी रखी अपनी बात
मालूम हो कि फिल्म के निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने फिल्म निर्माण किया है। उन्होंने इसकी प्रक्रिया, इसकी विषयवस्तु और उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्माण में उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक परिवेश और पारंपरिक कलाकारों के योगदान को विशेष महत्व दिया गया है। फिल्म के माध्यम से पहाड़ के लोक जीवन और उसकी सांस्कृतिक पहचान को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने फिल्म को मिले राष्ट्रीय सम्मान को पूरी टीम और उत्तराखंड के लोक कलाकारों की सामूहिक उपलब्धि बताया।
ये हस्तिया रहीं मौजूद
इस अवसर पर फिल्म निर्देशक आशु चौहान, बीना बिश्नोई, संतोष डिमरी, प्रतीक पंवार, नवीन कंडवाल और मोहित घिल्डियाल ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों, निर्देशकों, तकनीकी सहयोगियों और रंगमंच के उन सभी साथियों के प्रयासों की सराहना की गई, जो उत्तराखंड की भाषा, लोक संस्कृति और कलात्मक परंपराओं को अपनी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









