17 साल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश अरेस्ट, ONGC महाप्रबंधक के घर डकैती में था शामिल

उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 17 साल से फरार चल रहे एक लाख के इनामी बदमाश शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2009 में देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हुई हथियारबंद डकैती के मामले में वांछित था। वारदात के बाद से ही वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

17 साल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश अरेस्ट

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें हथियारों से घायल कर लूटपाट की थी। मामले में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में राशिद, बबलू, इमरान, समद और शौकत अली की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने छह अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली फरार हो गया था।

Advertisement

लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने पर तत्कालीन एसएसपी देहरादून ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी। इसके बाद से एसटीएफ लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।

पहचान छिपाकर टाइल्स लगाने का कर रहा था काम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मेरठ से फरार होने के बाद दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग ठिकानों पर रह रहा था। वह अपनी पहचान छिपाकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था। ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद टीम ने भाटपाड़ा थाना क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

यूपी और उत्तराखंड में दर्ज हैं 11 आपराधिक मुकदमे

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 54 वर्षीय शौकत अली पुत्र लतीफ निवासी अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज हैं। हल्द्वानी कोतवाली में भी वर्ष 2009 में हत्या के प्रयास, बलवा और लूट के मामले में वह वांछित चल रहा था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.