पहाड़ों की ज़िंदगी और पानी का रिश्ता बेहद नाज़ुक होता है। उत्तराखंड में सदियों से प्यास बुझाने वाले पारंपरिक जल स्रोत‘धारा’ और ‘नौले’जब सूखने या कमजोर पड़ने लगते हैं, तो पूरा गांव परेशान हो जाता है। इन्हीं जल स्रोतों को फिर से जीवित करने और जंगलों को बचाने का नया रास्ता खोजने के लिए उत्तराखंड से 13 लोगों का एक खास दल मेघालय की राजधानी शिलांग पहुंचा है। 25 से 27 नवंबर तक चले इस तीन दिवसीय दौरे में स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) के अधिकारियों के साथ-साथ चम्पावत जिले की धारा-नौला संरक्षण समितियों के सदस्य भी शामिल हैं। इस टीम में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और वन व ग्राम्य विकास विभाग के अफसर शामिल हैं। मकसद साफ है, मेघालय में जल और जंगल बचाने के जो सफल तरीके अपनाए जा रहे हैं, उन्हें समझना और अपने पहाड़ों में लागू करना।
मेघालय की बड़ी योजनाओं से रूबरू हुआ दल
दौरे के दौरान उत्तराखंड की टीम ने मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। वहां चल रही दो बड़ी परियोजनाओं, जापान की एजेंसी JICA की मदद से चल रही ‘MEGALIFE’ और जर्मन विकास बैंक (KfW) की ‘MEGARISE’—के कामकाज को करीब से देखा और समझा।
जंगल संभालने पर हर साल 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर
इस दौरे की सबसे दिलचस्प बात रही ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज’ यानी PES मॉडल। आसान शब्दों में कहें तो अगर गांव वाले मिलकर प्राकृतिक जंगल बचाते हैं, तो उन्हें इसके बदले आर्थिक मदद मिलती है। MEGALIFE योजना के तहत जंगल बचाने वाली स्थानीय समितियों को हर साल प्रति हेक्टेयर 10,000 रुपये दिए जाते हैं। खास बात यह है कि इन समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी ज़रूरी है। टीम ने शिलांग के पास एक ऐसे ही गांव का दौरा किया, जहां की समिति ने करीब 46 से 47 हेक्टेयर जंगल को बचाया है। नतीजा यह हुआ कि आज उस समिति के खाते में गांव के विकास के लिए लगभग 15 लाख रुपये जमा हो चुके हैं। उत्तराखंड के प्रतिनिधियों के लिए यह एक बड़ा सबक है कि जब जंगल बचाने से सीधे आमदनी जुड़ती है, तो लोग और ज़्यादा उत्साह से आगे आते हैं।
बायोचार और कार्बन क्रेडिट से बदलेगी तकदीर
दल में शामिल SARRA के उपनिदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी ने वहां लगे बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। मई 2026 में MBDA, किसान उत्पादक कंपनी (FPC) और एक निजी संस्था के बीच हुए समझौते के बाद यह पायलट प्रोजेक्ट शुरू हुआ था। इसमें बायोचार बनाने और उससे मिलने वाले ‘कार्बन क्रेडिट’ का फायदा सीधे गांव वालों तक पहुंचाने की तैयारी है। इस दौरान कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधियों ने भी तकनीक से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।
क्या होता है बायोचार (Biochar)
बायोचार (Biochar) एक चारकोल या कोयले जैसा हल्का और छिद्रयुक्त पदार्थ है, जिसे लकड़ी के टुकड़े या फसल अवशेष यानी धान का पुआल, गन्ने की खोई, लकड़ी के अवशेष, छिलके या गोबर जैसे जैविक पदार्थ अन्य जैविक कचरे (बायोमास) को ऑक्सीजन की अनुपस्थिति या बहुत कम ऑक्सीजन में गर्म करके बनाया जाता है। इस प्रक्रिया को पायरोलिसिस (Pyrolysis) कहते हैं। बिना ऑक्सीजन या बेहद कम ऑक्सीजन में उच्च तापमान पर गर्म करने से बायोमास पूरी तरह जलकर राख नहीं बनता, बल्कि कार्बन से भरपूर स्थिर ठोस रूप में बदल जाता है। इसमें लगभग 70% से 75% तक कार्बन होता है। इसकी छिद्रयुक्त संरचना स्पंज की तरह काम करती है, जो मिट्टी में पानी और पोषक तत्वों को रोककर रखती है और फसल की पैदावार बढ़ाने में मदद करती है। यह कार्बन को लंबे समय तक स्थिर बनाए रखता है, जिससे वातावरण में जाने वाली ग्रीनहाउस गैसों को कम करने में मदद मिलती है।खेतों में पराली या कचरा जलाने के बजाय उससे बायोचार बनाकर प्रदूषण कम किया जा सकता है। इसके पाउडर से ब्रिकेट्स (ईंधन) बनाना या मिट्टी के प्रदूषकों को कम करने जैसे कामों में भी इसका उपयोग होता है।
खेती और जंगल का संगम: एग्रोफॉरेस्ट्री
उत्तराखंड के दल ने मेघालय की एग्रोफॉरेस्ट्री यानी खेती के साथ पेड़-पौधे लगाने की तकनीकों को भी बारीकी से जाना। पहाड़ों में अक्सर लोग खेती और जंगल को अलग-अलग मान लेते हैं, लेकिन दोनों का तालमेल ही ज़मीन और पानी को बचाए रखता है।अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का यह प्रोत्साहन मॉडल और लोगों की सीधी भागीदारी उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के लिए काफी मददगार हो सकती है। खासकर चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को इससे नई ताकत मिलेगी—जहां पानी भी बचेगा, जंगल भी हरे-भरे रहेंगे और गांव वालों की जेब भी मजबूत होगी।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









