संसद में परिसीमन का ‘बिगुल’: जानिए उत्तराखंड की विधानसभा के गणित पर क्या पड़ेगा असर ?

दिल्ली के सियासी गलियारों में होने वाली हर उथल पुथल का सीधा असर देवभूमि उत्तराखंड की वादियों और यहां के चाय बागानों से लेकर गांवों की चौपालों तक महसूस किया जाता है। एक बार फिर राजधानी दिल्ली में सियासी पारा सातवें आसमान पर है, और इसकी गूंज देहरादून से लेकर पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी तक सुनाई दे रही है। केंद्र सरकार ने मानसून सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के ठीक 105 दिन बाद संसद का विशेष सत्र बुलाने का ऐलान किया है। इस विशेष सत्र का मुख्य मकसद संशोधित ‘परिसीमन विधेयक’ को पेश करना है। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों के मन में भी यह सवाल कुलबुला रहा है कि आबादी के आधार पर सीमाएं नए सिरे से खींची गईं तो पहाड़ के हिस्से से विधानसभा सीटें खिसककर मैदान में चली जाएंगी या कोई बीच का रास्ता निकलेगा। मान जा रहा है कि यदि विधेयक में केवल निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्गठन का प्रावधान रहा, तो कुल 70 सीटों के भीतर पहाड़ की सीटें घटकर मैदान में शिफ्ट होंगी। लेकिन यदि कुल विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का रास्ता खुला, तो पहाड़ की मौजूदा सीटों को बचाते हुए मैदान में नई सीटें जोड़ी जा सकेंगी। ऐसे में दिल्ली में होने वाला यह परिसीमन मंथन उत्तराखंड की राजनीति और पहाड़ के भविष्य के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है।

विशेष सत्र का खाका और सियासी घमासान

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, यह विशेष सत्र सोमवार, 30 नवंबर से शुरू होगा। खास बात यह है कि लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें अलग-अलग तारीखों पर बुलाई गई हैं। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठकें 2 दिसंबर से चलेंगी। दोनों ही सदनों का यह विशेष सत्र 3 दिसंबर को समाप्त हो जाएगा। पिछली बार 13 अगस्त को मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था, लेकिन उसका सत्रावसान नहीं किया गया था। इससे पहले साल 2008 में ऐसा हुआ था जब बिना सत्रावसान के संसद का सत्र 87 दिनों तक खिंचा था, लेकिन इस बार 105 दिनों का नया रिकॉर्ड बन गया है। शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस संशोधित विधेयक को हरी झंडी मिलने की पूरी संभावना है।

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक विधेयक में तीन बड़े बदलाव प्रस्तावित

सूत्रों के अनुसार, इस विधेयक में तीन बड़े बदलाव प्रस्तावित हैं। पहला, देश भर में लोकसभा सीटों की हिस्सेदारी में एक समान 50 फीसदी की बढ़ोतरी। उत्तराखंड में अभी 5 लोकसभा सीटें (टिहरी, गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार) हैं, इसलिए आनुपातिक वृद्धि से यहां भी लोकसभा सीटों में इजाफा हो सकता है। दूसरा, राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व के अनुपात को तय करने के लिए 1971 की जनगणना पर लगी रोक को अगले 25 वर्षों के लिए बढ़ाना, जिससे कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों की हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी। तीसरा, प्रत्येक राज्य के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को फिर से तय करने के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाना—ठीक उसी तरह जैसे 2001 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के 84वें संविधान संशोधन में किया गया था।

घोषणा के साथ ही दिल्ली में सियासी बयानबाजी तेज

इस घोषणा के साथ ही दिल्ली में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर लिखा कि सरकार ने “105 दिनों के ‘ऑपरेशन लोटस’ के बाद” यह सत्र बुलाया है ताकि दो-तिहाई बहुमत जुटाकर विधेयक पारित कराया जा सके। उन्होंने संविधान दिवस पर हुई इस घोषणा को संविधान का अपमान बताया, जबकि कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने इसे ‘संसद चोरी’ करार देते हुए विरोध की बात कही। दूसरी ओर, एनडीए के एक वरिष्ठ नेता का दावा है कि 540 सदस्यों की उपस्थिति में दो-तिहाई बहुमत के 360 के आंकड़े के मुकाबले सरकार के पास कम से कम 358 लोकसभा सांसदों का समर्थन है। इसी साल अप्रैल में यह विधेयक 528 में से 298 मतों के साथ गिर गया था, लेकिन उसके बाद से सियासी अंकगणित बदला है। तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए 20 सांसदों के ‘नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ में विलय और एनडीए को समर्थन देने के दावे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला विचार कर रहे हैं। शिवसेना (उद्धव गुट) के 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में जाने, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन तथा वाईएसआर कांग्रेस के 4 सांसदों के समर्थन की चर्चाओं से सरकार की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। राज्यसभा में भी एनडीए के पास 152 सदस्य हैं, जो 164 के दो-तिहाई आंकड़े के करीब हैं। अब सबकी नजर 22 सांसदों वाली डीएमके और 8 सांसदों वाली एनसीपी (शरद पवार गुट) पर है। सुप्रिया सुले ने कहा है कि मसौदा सामने आए बिना विरोध ठीक नहीं है और देश हित में होने पर समर्थन पर विचार हो सकता है, जबकि डीएमके के भीतर एक वर्ग को चिंता है कि विरोध से तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व घट सकता है।

पहाड़ को होगा सबसे बड़ा नुकसान सिमटेंगी सीटें

यदि 2011 की जनगणना के आधार पर उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों का नए सिरे से परिसीमन होता है, तो पहाड़ी जिलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपनी विधानसभा सीटें बचाने की होगी। उत्तराखंड में गांवों से शहरों और पहाड़ से मैदान की ओर पलायन लगातार हुआ है। 2008 का परिसीमन 2001 की जनगणना पर आधारित था, और उस समय भी पहाड़ी जिलों की 6 सीटें घटकर मैदानी इलाकों में चली गई थीं। अब 2011 की जनगणना को आधार बनाया गया तो पहाड़ और मैदान की यह खाई और चौड़ी हो सकती है।

पहाड़ी जिलों की और कम हो सकती हैं 4 से 6 विधानसभा सीटें

पहाड़ी जिलों अल्मोड़ा, पौड़ी, टिहरी, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत और उत्तरकाशी—में जनसंख्या वृद्धि दर मैदानी जिलों के मुकाबले काफी कम रही है। कई पहाड़ी निर्वाचन क्षेत्रों में प्रति सीट औसत आबादी लगभग एक लाख के आसपास सिमटी हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में यह आंकड़ा कहीं ज्यादा है। यदि केवल जनसंख्या के अनुपात में सीटों का पुनर्गठन हुआ, तो पहाड़ी जिलों की 4 से 6 विधानसभा सीटें और कम हो सकती हैं। पहाड़ के लिए इसका नुकसान दोहरा होगा। पहला, विधानसभा में पहाड़ के जनप्रतिनिधियों की संख्या घटने से नीतिगत फैसलों और बजट आवंटन में पहाड़ी जिलों की आवाज कमजोर पड़ सकती है। दूसरा, जब किसी पहाड़ी जिले या क्षेत्र में सीटें कम होंगी, तो बचे हुए निर्वाचन क्षेत्रों का भौगोलिक दायरा बढ़ जाएगा। ऊंचे-नीचे पहाड़, गहरी घाटियां, टूटी-फूटी सड़कें और दुर्गम गांवों के बीच एक विधायक के लिए पूरे क्षेत्र में पहुंचना और हर गांव की समस्या सुनना बेहद कठिन हो जाएगा। इसी कारण पहाड़ के सामाजिक और राजनीतिक मंच लंबे समय से मांग करते रहे हैं कि परिसीमन का आधार केवल जनसंख्या नहीं, बल्कि भौगोलिक क्षेत्रफल और दुर्गमता होना चाहिए।

मैदान का बढ़ता दबदबा और गढ़वाल-कुमाऊं का गणित

दूसरी तरफ, हरिद्वार (11), देहरादून (10) और ऊधमसिंह नगर (9) जैसे मैदानी जिलों में 2001 से 2011 के बीच जनसंख्या तेजी से बढ़ी है। 2011 की जनगणना के मुताबिक राज्य की लगभग 52 फीसदी आबादी इन्हीं तीन जिलों में बसती है, और नैनीताल के हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी व रामनगर जैसे मैदानी इलाकों को मिला दें तो मैदानी क्षेत्र की आबादी और निर्णायक हो जाती है। जनसंख्या आधारित परिसीमन में मैदानी जिलों की सीटों में 4 से 6 सीटों की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उत्तराखंड की सियासत में मैदानी क्षेत्रों का दबदबा और मजबूत होगा।

गढ़वाल मंडल में पौड़ी, टिहरी और चमोली जैसे जिलों की सीटों पर दबाव बढ़ सकता है, जबकि देहरादून (ऋषिकेश, डोईवाला, विकासनगर और शहरी क्षेत्र) व हरिद्वार में सीटें बढ़ने की संभावना बनेगी। 2008 में भी पौड़ी की धूमाकोट व थलीसैंण और चमोली की नंदप्रयाग सीट समाप्त हुई थी। कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर की सीटें खतरे में आ सकती हैं, जबकि ऊधमसिंह नगर (रुद्रपुर, काशीपुर, किच्छा, सितारगंज) और हल्द्वानी के मैदानी हिस्सों में सीटों का विस्तार हो सकता है। 2008 में अल्मोड़ा की भिकियासैंण, बागेश्वर की कांडा और पिथौरागढ़ की कनालीछीना सीट खत्म हुई थी।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.