रील बनाने को लेकर भाई ने बहन को डांटा, 14 साल की किशोरी ने लगाया मौत को गले

सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर भाई की फटकार के बाद 14 साल की किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से मृतका के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

रील बनाने को लेकर भाई ने डांटा, किशोरी ने किया सुसाइड

घटना लालकुआं नगर से सटी वीआईपी गेट स्थित वर्मा कॉलोनी की है। मिली जानकारी के अनुसार स्वर्गीय संजय सक्सेना की बेटी राखी (14) बिंदुखत्ता स्थित एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर लगातार रील बनाने को लेकर उसके 16 साल के बड़े भाई ने उसे फटकार लगाई थी। इसके कुछ समय बाद किशोरी अपने कमरे में चली गई। बाद में वह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी मिली।

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना का पता चलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मजदूरी कर तीन बच्चों का पालन-पोषण करती हैं मां

जानकारी के अनुसार राखी के पिता संजय सक्सेना का पहले ही निधन हो चुका था। इसके बाद उसकी मां ममता सिडकुल स्थित एक कंपनी में मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। परिवार पहले से ही पिता को खोने का दुख झेल रहा था। अब बेटी की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.