शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, ये हैं आरोप

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दलित युवकों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ताओं ने राहुल गांधी पर अनुसूचित जाति के विरुद्ध कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।

शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जानकारी के अनुसार, रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल रहे दो दलित युवकों विनोद आर्य और अमित कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। दोनों को रामलीला मैदान में शुद्धिकरण करने वाले न्यास का सदस्य बताया जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी द्वारा अनुसूचित जाति के खिलाफ आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

तहरीर के बाद मुकदमा दर्ज

शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर राहुल गांधी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। वहीं, पुलिस ने अमित कुमार की तहरीर के आधार पर राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, FIR संख्या 297/2026 के तहत BNS की धारा 196 और 299 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(q) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस खबर को भी पढ़ें: आखिर कांग्रेस जोर-शोर से क्यों उठा रही शुद्धिकरण का मुद्दा ?

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.