हाल ही में राजधानी देहरादून के पटेलनगर इलाके में दिनदहाड़े 14 लाख रुपए की डकैती की वारदात ने सभी को हैरान कर दिया था। इसी बीच अब इस चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें आरोपी पहले स्कूटी से टक्कर करवाकर विवाद शुरू करते नजर आ रहे हैं।
कार सवार लोगों के साथ मारपीट कर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो जाते हैं। इस मामले में दून पुलिस ने और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद अब गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार और फरार आरोपी हिंदू संगठन से जुड़े हैं।
देहरादून में ₹14 लाख की डकैती का CCTV फुटेज वायरल
पुलिस की माने तो सात नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी अपने दोस्तों के साथ जमीन के सिलसिले में 14 लाख रुपए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद कार की पिछली सीट पर पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने दो और को किया गिरफ्तार
मालूम हो कि इससे पहले नौ नवंबर को पुलिस ने सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को गिरफ्तार किया गया।
अब पुलिस ने फरार चल रहे सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को गिरफ्तार किया है। इस तरह मामले में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। तो वहीं कब्जे से कुल 3 लाख 2 हजार रुपए की बरामदगी हो चुकी है।
पुलिस ने क्या कहा?
घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों और पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पहले मामले में लूट से संबंधित धारा लगाई गई थी। लेकिन अब आरोपियों की संख्या 5 से ज्यादा होने के कारण डकैती की धाराएं शामिल की गई है।
-शेखर सुयाल, एसपी सिटी, देहरादून
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








