
Chamoli Tunnel Landslide: चमोली टनल हादसा में अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है। वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी मौके पर पहुंच गए हैं। सीएम धामी ने हादसे की जगह का स्थलीय निरीक्षण किया है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों और बचाव दलों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया और रेस्क्यू अभियान में जुटी टीमों से मौके पर आवश्यक जानकारी ली।
Chamoli Tunnel Landslide खराब मौसम, हेलिकॉप्टर लैंडिंग में दिक्कत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह होते ही चमोली के पीपलकोटी के लिए निकल गए। हालांकि देहरादून में भी मौसम काफी खराब था वहीं चमोली में और अधिक मौसम खराब होने के बावजूद सीएम धामी पीपलकोटी पहुंचे। मौसम की खराबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीएम धामी के हेलिकॉप्टर को लैंड करने में भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घायल श्रमिकों से भी मिलेंगे
पीपल कोटी पहुंचने के बाद सीएम धामी टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। इसके साथ ही सीएम ने मौके पर मौजूद प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित सभी संबंधित एजेंसियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से भी मुलाकात की है। सीएम ने कहा है कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी एजेंसियां युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को दी जानकारी
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को घटनाक्रम, अब तक किए गए रेस्क्यू और मौके पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बचे 3 लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। घटना में अभी तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है। रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। जहां स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका उपचार और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।
तीन श्रमिक अब भी लापता
बताते चलें कि गुरुवार शाम हुए चमोली टनल हादसे के बाद 22 लोगों के टनल में फंसने की खबर आई थी। इनमें से 19 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। निकाले गए 19 लोगों में से सात की मौत हो गई है जबकि 12 को अस्पताल में एडमिट कराया गया है। वहीं तीन लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है।








