अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य की ओर से अंकिता भंडारी और उसके दोस्त के बीच हुई कथित निजी चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस महिला मोर्चा ने कड़ा विरोध जताते हुए विनोद आर्य के घर का घेराव करने का प्रयास किया।
कांग्रेस ने किया विनोद आर्य के घर का घेराव
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ता विनोद आर्य के आवास की ओर बढ़ीं, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प देखने को मिली। करीब आधे घंटे तक मौके पर हंगामे और विरोध प्रदर्शन का दौर चलता रहा।
कांग्रेस ने की विनोद आर्य के गिरफ्तारी की मांग
महिला कार्यकर्ता विनोद आर्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी रहीं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला को हिरासत में ले लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई का भी विरोध किया।
अंकिता भंडारी की निजी चैट को सार्वजनिक करना गंभीर: कांग्रेस
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की निजी चैट को सार्वजनिक करना बेहद गंभीर और निंदनीय मामला है। किसी भी महिला की निजी जिंदगी और उसकी व्यक्तिगत बातचीत को इस तरह सार्वजनिक करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि अंकिता पहले ही इस दुनिया में नहीं है और अब उसकी निजी चैट को सार्वजनिक कर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है। महिला कांग्रेस इस तरह की हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने मांग की कि विनोद आर्य को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मामले में सख्त कार्रवाई की जाए।
मामले की दिशा बदलने का प्रयास कर रही BJP :कांग्रेस
वहीं, कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा लगातार मामले की दिशा बदलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मामले से जुड़े मुद्दों को भटकाने की कोशिश की जा रही है, वह बेहद निंदनीय है। इसी के विरोध में कांग्रेस महिला मोर्चा ने विनोद आर्य के आवास का घेराव करने का निर्णय लिया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय दिलाने और उसकी गरिमा से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का विरोध जारी रहेगा।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








