विस चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर: कैंट में नवीन जोशी का शक्ति प्रदर्शन, ठोकी दावेदारी

राजधानी देहरादून की कैंट विधानसभा सीट पर आगामी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पूर्व राज्य मंत्री और उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने कैंट क्षेत्र में ‘परिवर्तन महासम्मेलन’ आयोजित कर अपना बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन किया।

कैंट में नवीन जोशी का शक्ति प्रदर्शन

कार्यक्रम में जुटी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ के जरिए उन्होंने कैंट विधानसभा सीट से कांग्रेस की दावेदारी का साफ और मजबूत संदेश दे दिया है। सम्मेलन में कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं ने शिरकत की और कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरा। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक कमर कसनी होगी।

वहीं, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने जोर दिया कि कैंट विधानसभा में सभी को एकजुट होकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को ले जाना होगा।

“लगातार जनता के बीच हूं, मजबूती से पेश करूंगा दावेदारी”

कार्यक्रम के आयोजक नवीन जोशी ने उमड़े जनसैलाब के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हजारों की यह मौजूदगी दर्शाती है कि कैंट की जनता अब बदलाव चाहती है। जोशी ने कहा, “मैं लंबे समय से कैंट क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा हूं और क्षेत्र की समस्याओं को गहराई से समझा है। कैंट में विकास और परिवर्तन के संकल्प के साथ मैं आगामी चुनाव के लिए पार्टी के सामने अपनी दावेदारी मजबूती से रख रहा हूं।” उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में कैंट विधानसभा के एक-एक बूथ और हर इलाके में पहुंचकर जनसंवाद अभियान को और तेज किया जाएगा।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.