देहरादून में आशारोड़ी से आईएसबीटी जाने वाले मार्ग पर मोहब्बेवाला में सड़क किनारे बने गड्ढे और सुरक्षा इंतजामों की कमी चार लोगों की मौत का कारण बन गई। हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत के बाद अब पटेल नगर पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
चार लोगों की मौत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
पटेल नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत के बाद NHAI और PWD के अधिकारीयों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत दोनों विभागों को आरोपी बनाया गया है। दर्ज एफआईआर के मुताबिक मोहब्बेवाला में वाहन संख्या UK07FR-6780 और ट्रेलर संख्या NL-01AA-2485 की दुर्घटना हुई थी। हादसे में चालक समेत कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई थी। जबकि छह वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किया था।
NHAI और PWD की लापरवाही बनी हादसों का कारण
हादसे में सड़क का संचालन और रखरखाव करने वाली संस्थाओं NHAI और PWD की लापरवाही को हादसों की वजह माना गया है। बता दें नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72 ए पर यातायात को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। सड़क पर पर्याप्त संकेतक बोर्ड, यातायात चिह्न, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए। इसके साथ ही सड़क पर रात के समय लाईट की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है और सड़क किनारे बने गड्ढों के कारण लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं मोहब्बेवाला में अचानक मोड़ और ढलान होने के कारण वाहन चालकों को रास्ते का सही अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते इस मार्ग पर एक के बाद एक हादसे हो रहे हैं।
सड़क पर लगातार हो रहे हादसे
बड़ी बात ये है कि सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था में कमी को लेकर दोनों विभागों को कई बार सूचना भी दी गई है। इसके बावजूद NHAI और PWD की तरफ से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं और लगातार हादसों के बाद भी सड़क पर सुरक्षित यातायात के लिए जरूरी निर्माण और सुरक्षा कार्य नहीं कराए गए। विभागों की इस कथित लापरवाही के कारण हादसे भी हो रहें हैं और लोगों की जान भी जा रही है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया।
दोनों विभागों को आरोपी बनाकर जांच शुरू
बुधवार को हुए सड़क हादसे के बाद पटेल नगर पुलिस ने ISBT चौकी इंचार्ज जयवीर सिंह की शिकायत के आधार पर NHAI और PWD को आरोपी बनाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। एफआईआर में दोनों विभागों के नाम आरोपी के रूप में दर्ज हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस अब सड़क की स्थिति, सुरक्षा इंतजामों और दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी। साथ ही इस बात की भी जांच होगी कि संबंधित विभागों को पहले दी गई शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई थी और बार-बार हो रहे हादसों के बाद सड़क पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम क्यों नहीं थे।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








