15 अगस्त पर देहरादून का ट्रैफिक प्लान जारी, परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो-जोन – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए परेड ग्राउंड के चारों ओर वाहनों, ठेलियों और रेहड़ियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो-जोन

यातायात पुलिस की ओर से जारी रूट, पार्किंग और डायवर्जन प्लान के अनुसार वीआईपी और अधिकारियों के वाहनों को ईसी रोड, सर्वे चौक से रोजगार तिराहा और कन्वेंट तिराहे की ओर जाने के बाद वीवीआईपी गेट नंबर-1 से प्रवेश दिया जाएगा।परेड के दौरान परेड ग्राउंड के आसपास का क्षेत्र जीरो-जोन रहेगा।

इन जगहों पर होगी पार्किंग

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले प्रतिभागियों, पुलिस, होमगार्ड, प्रेस और आम लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज और दून क्लब के पास वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

धर्मपुर, दर्शनलाल चौक और दून चौक की ओर से आने वाले वाहनों को रेंजर्स ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। वहीं सर्वे चौक की ओर से आने वाले वाहन मंगला देवी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क होंगे।

राजपुर रोड की ओर से आने वाले प्रतिभागियों और दर्शकों के वाहनों के लिए सेंट जोसेफ स्कूल, सुभाष रोड के किनारे वन-साइड पार्किंग और लॉर्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट के अंदर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ आने वाले दर्शकों के वाहनों को भी निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करना होगा। यहां से लोग पैदल परेड ग्राउंड के सामान्य प्रवेश द्वार नंबर-4 और 5 से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।

इन जगहों पर लगाए जाएंगे बैरियर

परेड ग्राउंड के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए आउटर और इनर बैरियर प्वाइंट बनाए जाएंगे। आउटर प्वाइंट में ईसी रोड सर्वे चौक, मनोज क्लिनिक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, ओरिएंट चौक और पैसिफिक तिराहा शामिल हैं। इन स्थानों से केवल वीआईपी और पासधारक वाहनों को सीमित संख्या में प्रवेश की अनुमति होगी।

वहीं रोजगार तिराहा, कनक चौक, डूंगा हाउस, लैंसडाउन चौक और कन्वेंट तिराहा इनर बैरियर प्वाइंट होंगे। पासधारकों और वीवीआईपी वाहनों को छोड़कर अन्य किसी वाहन को इन प्वाइंट से परेड ग्राउंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

विक्रमों के रूट में भी बदलाव

स्वतंत्रता दिवस के दौरान विक्रमों के लिए भी डायवर्जन लागू रहेगा। रायपुर रूट के नंबर-2 विक्रम सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस भेजे जाएंगे। धर्मपुर रूट के नंबर-3 विक्रम तहसील चौक से दून चौक और एमकेपी चौक की ओर डायवर्ट होंगे।

आईएसबीटी और कांवली रूट के नंबर-5 और 8 के विक्रम रेलवे गेट से वापस भेजे जाएंगे। प्रेमनगर रूट के विक्रम प्रभात कट से वापस होंगे। वहीं राजपुर रूट के विक्रम ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, बैनी बाजार होते हुए वापस राजपुर रोड की ओर भेजे जाएंगे।

सिटी बसों के लिए भी डायवर्जन

आईएसबीटी से राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसें दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए राजपुर रोड की ओर जाएंगी। रिस्पना की ओर से आने वाली बसों को तहसील चौक से दून चौक, एमकेपी चौक और आराघर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

रायपुर रोड से आने वाली सिटी बसें सहस्रधारा क्रॉसिंग से सहस्रधारा रोड, आईटी पार्क और राजपुर रोड होते हुए घंटाघर की ओर जाएंगी।