उत्तराखंड के नए राज्यपाल बने डॉ. ढाल सिंह बिसेन, मुख्य न्यायाधीश ने दिलाई शपथ

देवभूमि उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। सोमवार को लोक भवन में आयोजित एक भव्य और गरिमापूर्ण समारोह में डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति जस्टिस मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति द्वारा जारी किए गए नियुक्ति पत्र (अधिपत्र) को पढ़कर की। इसके बाद, नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड पुलिस की टुकड़ी द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और सलामी ली।

शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल डॉ. बिसेन ने देवभूमि की पावन धरती और यहां की जनता को दिल से नमन किया। उन्होंने देश के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें देवभूमि की सेवा करने का जो सौभाग्य मिला है, वे पूरी ईमानदारी से इस जिम्मेदारी को निभाएंगे।

देवभूमि और वीरभूमि को किया नमन

राज्यपाल ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की महिमा का बखान करते हुए कहा कि यह राज्य केवल एक भूभाग नहीं, बल्कि हमारी आस्था और संस्कृति का केंद्र है। यह बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चार धामों के साथ-साथ आदि कैलाश और जागेश्वर धाम जैसी पवित्र भूमि है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश देवभूमि होने के साथ-साथ वीरभूमि भी है, जहां के लगभग हर परिवार से कोई न कोई देश की सेवा में सीमाओं पर डटा रहता है। यहां की मातृशक्ति और युवा बेहद कर्मठ व प्रेरणादायी हैं।

प्रधानमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने का संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान को याद करते हुए कि “इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा”, राज्यपाल ने कहा कि हमें इसी विजन को जमीन पर उतारना है और राज्य के विकास की रफ्तार को और तेज करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना और पद की गरिमा को बनाए रखना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

शिक्षा, स्वास्थ्य और जनहित पर रहेगा जोर

राज्यपाल ने कहा कि वे राज्य सरकार और यहां की जनता के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण और रोजगार जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाएंगे। प्रदेश की शांति, सुरक्षा और समृद्धि ही उनका मुख्य ध्येय रहेगा। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा मौजूद रहे। इनके अलावा कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, सांसद महेंद्र भट्ट, योग गुरु स्वामी रामदेव, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद महाराज, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ समेत कई गणमान्य लोग और अधिकारी उपस्थित रहे।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.