रामनगर में एनकाउंटर से मचा हड़कंप, पुलिस की गोली से घायल हुआ वांटेड बदमाश – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

नैनीताल और रामनगर क्षेत्र में पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, दबिश के दौरान जंगल में छिपे चंदन सागर ने घेराबंदी किए जाने पर पुलिस टीम और वाहनों पर कई राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी।

नैनीताल पुलिस की बदमाश से मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, चंदन सागर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाला वांटेड आरोपी है। दबिश के दौरान वह जंगल में जा छिपा। पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी की तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ, जिसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

घेराबंदी कर जंगल में छिपा आरोपी

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को घेर लिया। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में चंदन सागर के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 15 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, चंदन सागर के खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।