
देहरादून पुलिस ने भागवत कथा और धार्मिक आयोजनों में महिलाओं की चेन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी भजन-कीर्तन में शामिल होने का बहाना बनाकर भीड़ में घुल-मिल जाते थे। मौका मिलते ही गिरोह की महिलाएं वहां मौजूद दूसरी महिलाओं के गले से चेन चोरी कर लेती थीं।
भागवत कथा में महिलाओं को निशाना बनाने वाला गिरोह गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित भागवत कथा के दौरान चार महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी हो गए थे। मामले में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटना के बाद पटेलनगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
नई घटना को अंजाम देने दोबारा देहरादून आया था गिरोह
जांच में पुलिस को पता चला कि इस तरह की घटनाओं में पटियाला का एक चेन चोर गिरोह पहले भी सक्रिय रहा है। पुलिस को 19 अगस्त को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य दोबारा देहरादून आए हैं और किसी नई घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने हरिद्वार बाईपास रोड पर चेकिंग अभियान चलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए अलग-अलग जगहों पर होने वाली भागवत कथाओं और धार्मिक आयोजनों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद गिरोह के सदस्य, जिनमें ज्यादातर महिलाएं होती थीं, धार्मिक आयोजन में पहुंच जाते थे।
ये लोग भजन-कीर्तन में शामिल होने का बहाना बनाकर भीड़ में घुल-मिल जाते थे। मौका मिलते ही गिरोह की महिलाएं वहां मौजूद दूसरी महिलाओं के गले से चेन चोरी कर लेती थीं। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्य आयोजन स्थल के बाहर कार में उनका इंतजार करते थे। वारदात के बाद सभी लोग कार से फरार हो जाते थे।
पंजाब के रहने वाला हैं गिरोह के सदस्य
आरोपियों की पहचान अजय सिंह (26) , गुरुप्रीत सिंह (28), हरजिन्दर कौर उर्फ रानी (40) और पूजा कौर उर्फ लाडी (48) के रूप में रही है ।पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी पंजाब के पटियाला के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की 3 पीली धातु की चेन, 10 हजार की नकदी, चेन काटने वाला कटर, वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा सिटी कार बरामद की है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य मामलों में शामिल होने की भी जांच की जा रही है।








