अंतिम चरण में कांवड़ यात्रा, 3.19 करोड़ से ज्यादा शवभक्त ले जा चुके हैं गंगाजल – Khabar Uttarakhand

धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। डाक कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के बीच हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। अब तक 3 करोड़ 19 लाख 48 हजार से ज्यादा शिवभक्त कांवड़िए हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं।

हरिद्वार में बढ़ रही डाक कांवड़ियों की भीड़

हरिद्वार में बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के बीच हरिद्वार में प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। बड़ी संख्या में शिवभक्त लगातार गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।

Advertisement

DM और SSP ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण करते हुए पार्किंग, वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था की स्थिति देखी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पार्किंग स्थलों पर बिजली, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। वहीं हाईवे पर भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।

हरिद्वार की पार्किंग व्यवस्था

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 5 अगस्त से भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। हरिद्वार में यातायात के दबाव को देखते हुए भारी वाहनों को बैरागी कैंप और दक्ष द्वीप की ओर भेजा जा रहा है, जबकि दोपहिया वाहनों के लिए गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला और पंतदीप पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.