पौड़ी में दिखी स्वतंत्रता दिवस की धूम, प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने किया ध्वजारोहण – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

देशभर के साथ-साथ उत्तराखंड में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस की धूम देखने को मिली। शनिवार को पूरा पौड़ी जिला तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। शहर से गांव तक देशभक्ति का उल्लास रहा और भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य प्रभात फेरी निकाली।

पौड़ी के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने किया ध्वजारोहण

जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ दिलाई। मंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने, लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही बेटियों की शिक्षा-सुरक्षा, गांवों की मजबूती तथा प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।

जनसेवाओं को बेहतर बनाना है प्रशासन की प्राथमिकता: DM

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। आमजन की समस्याओं का तत्परता से समाधान, विकास कार्यों की निगरानी और तकनीक और नवाचार से जनसेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, कौशल विकास, खेल, रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर बांधा समां

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर सैनिकों एवं वीर नारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन, विकास भवन सहित जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया।