ममता शर्मसार: मां ने डेढ़ लाख में किया बेटी का सौदा, पैसे नहीं मिलने पर बनाई अपहरण की कहानी – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

देहरादून में नाबालिग के कथित अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि नाबालिग की मां ने अपनी 15 साल की नाबालिग बेटी का डेढ़ लाख में सौदा किया था और पूरी रकम नहीं मिलने पर अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया।

मां ने डेढ़ लाख में अपनी नाबालिग बेटी को बेचा

पुलिस के अनुसार महिला ने अपनी 15 साल की नाबालिग बेटी का डेढ़ लाख में सौदा किया था और पूरी रकम नहीं मिलने पर अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया। एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच की। इस नाबालिग के उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने वहां दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।

पूरी रकम न मिलने पर बनाई बेटी के अपहरण की झूठी कहानी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि मेरठ निवासी लवी कुमार ने पिंकी मलिक के माध्यम से नाबालिग को उसकी मां नीलम देवी से डेढ़ लाख में खरीदा था। इसके बाद लवी कुमार ने विवाह कराने के उद्देश्य से युवती को मुजफ्फरनगर निवासी मनीष को दो लाख में बेच दिया। पुलिस के मुताबिक, नीलम देवी को सौदे की पूरी रकम नहीं मिली थी। साथ ही उसे अपने अपराध के उजागर होने का डर भी सताने लगा। इसी कारण उसने अपनी बेटी के अपहरण की झूठी कहानी बनाकर 5 जुलाई को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई।

देहरादून में मां ने डेढ़ लाख में किया बेटी का सौदा

पुलिस ने किया मां समेत चार आरोपियों को अरेस्ट

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान नीलम देवी, निवासी सहस्त्रधारा रोड (मां), पिंकी मलिक, निवासी मुजफ्फरनगर, मनीष, निवासी मुजफ्फरनगर, लवी कुमार, निवासी मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह के मानव तस्करी या नाबालिगों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों में शामिल रहे हैं या नहीं।