अनिल बलूनी के आवास पर मनी इगास-बग्वाल, अमित शाह, CM धामी समेत जुटीं कई बड़ी हस्तियां

गढ़वाल से लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कम्युनिकेशन प्रमुख अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर हर वर्ष की भांति इस बार भी देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति, विरासत और गौरवशाली परंपराओं के प्रतीक लोकपर्व ‘इगास-बग्वाल’ का आयोजन पूरी श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ किया गया। पहाड़ की सौंधी खुशबू, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास से सराबोर इस भव्य समारोह की शुरुआत केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलित कर की।

दिल्ली में अनिल बलूनी के आवास पर मनी इगास-बग्वाल

पहाड़ की इस पावन परंपरा का साक्षी बनने के लिए देश की कई प्रमुख हस्तियां एकत्रित हुईं। कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय रेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

CM धामी समेत जुटीं कई बड़ी हस्तियां

इसके साथ ही, भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रमुख रूप से सहभागिता कर उत्तराखंड की संस्कृति के प्रति अपना स्नेह प्रकट किया। कार्यक्रम में देवभूमि से निकलकर देश-दुनिया में नाम रोशन करने वाले कई वरिष्ठ व्यक्तित्वों के साथ-साथ उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ पत्रकार एवं संवाददाता भी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड का पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल

मालूम हो कि गढ़वाल सांसद ने उत्तराखंड के इस पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल को पुनर्जीवित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की मुहिम की शुरुआत साल 2018 में की थी। दिल्ली में रह रहे प्रवासी पहाड़ी भाई-बहनों के साथ पारंपरिक रूप से ‘विकास’ मनाकर अनिल बलूनी ने यह संदेश दिया कि देश-दुनिया में बसे पहाड़ के सभी लोग इस अवसर पर एकजुट हों, अपनी जड़ों से जुड़ें और अपने गाँवों को फिर से जीवंत बनाएं।

बलूनी हर साल इगास-बग्वाल का मनाते है जश्न

गौरतलब है कि बलूनी हर साल इगास-बग्वाल की पूर्व संध्या पर दिल्ली स्थित अपने आवास पर इस लोकपर्व का आयोजन करते हैं। ठीक इसके अगले दिन स्वयं देवभूमि पहुंचकर गढ़वाल के किसी न किसी गांव में स्थानीय ग्रामीणों के साथ पारंपरिक रूप से ‘भैलो’ खेलकर इगास मनाते हैं।

उनकी इस सार्थक पहल का व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। आज देश और दुनिया के किसी भी कोने में रह रहे उत्तराखंडी इस दिन अपनी विरासत से जुड़ते हैं और पूरे गर्व के साथ इगास-बग्वाल मनाकर अपनी लोक-संस्कृति को जीवंत बनाए हुए हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.