पौड़ी दौरे पर मंत्री सतपाल महाराज, मां भगवती मंदिर के विकास कार्य का किया शिलान्यास

कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल के ब्लॉक सभागार में श्रम विभाग द्वारा आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। शिविर में क्षेत्रीय जनता के साथ साथ बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

देश के विकास की नींव के पत्थर हैं हमारे श्रमिक: महाराज

मंत्री ने बीरोंखाल के ब्लॉक सभागार में आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में उपस्थित श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका सर्वोपरि है। चाहे दुर्गम पहाड़ों में सड़क निर्माण हो, भवन निर्माण हो, या निर्माण से संबंधित अन्य कोई श्रम साध्य कार्य हो श्रमिकों के अथक परिश्रम के बिना संभव नहीं हो सकते। हमारे श्रमिक भाई-बहन प्रदेश और देश के विकास की नींव के पत्थर हैं।

उत्तराखंड में हो रहा विकास: मंत्री

मंत्रीने कहा कि पीएम मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन और मुख्यमंत्री धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास की अविरल धारा बह रही है। सरकार का ध्येय केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उन योजनाओं का लाभ पहुंचना है। श्रम विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर पर आयोजित किये जा रहे शिविर इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं, यहां जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सम्मान, उनकी सुरक्षा और उनका कल्याण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें: श्रमिक पंजीकरण शिविर में पहुंचे सतपाल महाराज, मौके पर सुनीं जनसमस्याएं

महाराज ने इस मौके पर मौजूद श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले हर श्रमिक को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की पूरी जानकारी सरल और स्थानीय भाषा में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। महाराज ने सभी श्रमिकों से आह्वान किया कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, अपने श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति जागरूक रहें।

महाराज ने किया मां भगवती मंदिर के विकास कार्य का शिलान्यास

महाराज ने सभी श्रमिकों के परिश्रम को नमन करते हुए कहा, “आपका श्रम ही हमारे प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है। आपकी खुशहाली और समृद्धि के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।” इस अवसर पर महाराज ने लघु सिंचाई विभाग द्वारा जिला योजना के अंतर्गत 4 लाख की धनराशि से बडियान में मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास निर्माण का भी शिलान्यास करने के साथ-साथ भाजपा संगठन को सशक्त बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी के साथ विस्तृत चर्चा भी की।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.