बागेश्वर। बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने के उद्देश्य से विधायक पार्वती दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से महत्वपूर्ण मोटर मार्ग को मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृत किए जाने की मांग की है।
विधायक पार्वती दास ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में राज्य योजना के अंतर्गत जनपद बागेश्वर की विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में स्वतंत्रता सेनानी स्व. महेंद्र करायत मोटर मार्ग (पालड़ीछीना–जनोटीपालड़ी–करालापालड़ी–जैनकारस मोटर मार्ग) के एनएच-309(र) में स्थित कनगाड़छीना ताकुला तक लिंक मोटर मार्ग के नव निर्माण कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का अनुरोध किया है।
पत्र के अनुसार प्रस्तावित सड़क के प्रथम चरण के लिए प्रोजेक्ट आईडी-11590, लंबाई 7 किलोमीटर तथा अनुमानित लागत 11.55 लाख रुपये दर्शाई गई है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से जनहित को दृष्टिगत रखते हुए उक्त मोटर मार्ग को मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत सम्मिलित कर आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया है, ताकि सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।
विधायक पार्वती दास ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं ग्रामीण विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित में इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।








