धामी सरकार में मातृशक्ति हुई सशक्त, लक्ष्मी अग्रवाल ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता एवं सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय ट्री वुमन लक्ष्मी कपरूवाण अग्रवाल ने राजावाला में आयोजित महिला समूह की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने उठाए महत्वपूर्ण कदम

लक्ष्मी अग्रवाल ने कहा कि पिछले 5 सालों में पहाड़ से लेकर मैदान तक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन प्रयासों का परिणाम है कि आज प्रदेश की मातृशक्ति पहले की तुलना में अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से भरपूर होकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के बीच सामाजिक और राजनीतिक चेतना बढ़ाने के लिए वह लगातार महिला समूहों और संगठनों के साथ संवाद कर रही हैं। उनका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और आत्मनिर्भरता के अवसरों के प्रति जागरूक करना है।

महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा पर सरकार का फोकस

लक्ष्मी अग्रवाल ने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की घोषणा की गई है। इनमें स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य आवश्यक स्थानों पर आधुनिक एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराकर महिलाओं के लिए अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जा रहा है।

60 साल की उम्र से महिलाओं को मुफ्त बस सफर का लाभ

लक्ष्मी अग्रवाल ने रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी की ओर से महिलाओं के लिए की गई घोषणा का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड रोडवेज बसों में महिलाओं के लिए उपलब्ध मुफ्त सफर की सुविधा अब 60 वर्ष की आयु से लागू किए जाने की घोषणा की गई है। वर्तमान में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को इस सुविधा का लाभ मिल रहा है।

‘लखपति दीदी’ के बाद अब ‘करोड़पति’ बनाने का लक्ष्य

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विजन महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य ‘लखपति दीदी’ से आगे बढ़कर महिलाओं को ‘करोड़पति’ बनाने की दिशा में काम करना है। उन्होंने महिला समूह की सदस्यों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.