
आज, सोमवार को लोक सभा में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और गढ़वाल लोक सभा के पूर्व सांसद मेजर जनरल (स्व.) भुवन चंद्र खंडूरी को याद किया है। मानसून सत्र के दौरान उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक गौरवशाली सैन्य अफसर के रूप में, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में और केंद्रीय मंत्री के रूप में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दी। उन्होंने वर्षों तक सदन में गढ़वाल लोक सभा का नेतृत्व भी किया।
लोकसभा में उत्तराखंड के पूर्व CM खंडूरी को दी श्रद्धांजलि
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, ‘ये सदन मेजर जनरल खंडूरी को हमेशा याद रखेगा। वे पांच बार लोकसभा के सदस्य रहे। उनका संसदीय कार्यकाल और सार्वजनिक जीवन देश के लिए हमेशा यादगार रहेगा।’
गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने किया याद
गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “ये मेरा परम सौभाग्य है कि जिस गढ़वाल संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर उन्होंने वर्षों तक क्षेत्र का गौरव बढ़ाया, आज उसी पावन भूमि का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मुझे प्राप्त हुआ है। उनके आदर्श, उनकी कार्यशैली और राष्ट्रसेवा का भाव हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
लंबी बीमारी के चलते 19 मई को हुआ था निधन
मालूम हो कि 19 मई 2026 को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी का निधन हो गया था। लंबी बीमारी के चलते 91 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। देहरादून के मैक्स अस्पताल में उनका निधन हुआ। अगले दिन पूरे राजकीय सम्मान के साथ हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।






