अब घर में आग लगने को भी माना जाएगा आपदा, सरकार देगी मुआवजा; CM धामी के चार बड़े ऐलान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राजधानी देहरादून स्थित सचिवालय में पहले ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ के मौके पर राज्य के लोगों को एक बहुत बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन के सिस्टम को और ज्यादा मजबूत बनाने के लिए चार अहम घोषणाएं की हैं। उत्तरकाशी के मोरी में पंवाणी में कई घरों के आग में खाक होने से सबक लेते हुए सबसे बड़ा और आम आदमी से सीधे तौर पर जुड़ा फैसला यह है कि अब किसी भी रिहायशी घर या आवासीय भवन में दुर्घटनावश आग लगने की घटना को भी ‘आपदा’ की श्रेणी में माना जाएगा। इस फैसले के बाद अग्निकांड से प्रभावित होने वाले परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के नियमों के तहत सीधे आर्थिक मदद और राहत राशि मिल सकेगी। अब तक आमतौर पर प्राकृतिक आपदाओं या जंगल की आग से होने वाले नुकसान पर ही आपदा राहत फंड से मुआवजा मिल पाता था, लेकिन शॉर्ट सर्किट, गैस लीक या किसी अन्य हादसे के कारण घरों में आग लगने पर पीड़ित परिवारों को सरकारी मदद के लिए काफी भटकना पड़ता था। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेश के लाखों परिवारों को बड़ी सुरक्षा मिलेगी।

रिटायर्ड फौजी और शिक्षक संभालेंगे मोर्चा, मददगार होंगे पुरस्कृत

घर में आग लगने को आपदा घोषित करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने तीन अन्य महत्वपूर्ण कदम भी उठाए हैं, जिनका मकसद आम लोगों को आपदा से लड़ने के लिए तैयार करना है। प्रदेश के भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ), राज्य पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं से रिटायर हो चुके जवानों व अधिकारियों को आपदा से बचाव की खास ट्रेनिंग दी जाएगी। इनके अनुभव का इस्तेमाल करते हुए आम लोगों को आपदाओं से निपटने के लिए जागरूक किया जाएगा। पहले चरण में उन स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों पर फोकस किया जाएगा जहां छात्रों की संख्या ज्यादा है। यहां हर एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को राज्य सरकार की तरफ से ‘आपदा मित्र’ या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के तौर पर प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे बच्चों को लगातार जागरूक कर सकें।किसी भी आपदा या सड़क हादसे के वक्त अपनी जान की परवाह किए बिना निस्वार्थ भाव से राहत और बचाव काम में मदद करने वाले आम नागरिकों को सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) की पुस्तिका और ‘उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27’ का भी विमोचन किया।

Advertisement

सिलक्यारा टनल रेस्क्यू को किया याद, बताया टीम वर्क की मिसाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक बनावट ऐसी है कि यहां आपदा प्रबंधन हमेशा एक बड़ी चुनौती रहता है। ऐसे में हर स्तर पर पहले से तैयारी रखना और लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने भूकंप के लिहाज से राज्य की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमित रूप से मॉक ड्रिल कराने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने नवंबर 2023 के ऐतिहासिक सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे 12 नवंबर 2023 को दिवाली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 मजदूर फंस गए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार मार्गदर्शन, केंद्र और राज्य की एजेंसियों के तालमेल, देश-विदेश के विशेषज्ञों की मदद और बाबा बौखनाग के आशीर्वाद से 17 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। यह अभियान साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की एक ऐतिहासिक मिसाल है।

हर प्रभावित व्यक्ति तक समय पर पहुंचे मदद: मुख्य सचिव

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा के असर को कम करने के लिए तीन बातों पर सबसे ज्यादा ध्यान देना होगा—पहले से तैयारी, घटना होते ही तुरंत एक्शन और आपदा के बाद लोगों का सही पुनर्वास। उन्होंने सिलक्यारा ऑपरेशन का जिक्र करते हुए कहा कि वह केवल एक रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का भी बड़ा उदाहरण था, जिसमें जिले से लेकर भारत सरकार तक के अधिकारियों ने एक टीम की तरह काम किया। मुख्य सचिव ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और आपदा से जुड़े अनुभवों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने की बात भी कही।

भूकंप की चेतावनी के लिए लगे 169 सेंसर और 112 सायरन

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रेजेंटेशन के जरिए राज्य की तैयारियों का ब्योरा रखा। उन्होंने बताया कि आपदा से तुरंत निपटने के लिए पूरे प्रदेश में 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (क्यूआरटी) बनाई गई हैं, जिनमें 2,250 प्रशिक्षित सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा, भूकंप की समय से पहले चेतावनी देने के लिए राज्य भर में 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए जा चुके हैं।इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी, डीजीपी दीपम सेठ और प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और विभिन्न स्कूलों-कॉलेजों के छात्र भी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.