
निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान के तहत इन दिनों जिले में घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। अभियान के दौरान ही एक दिलचस्प मामला सामने आया है। आम नागरिकों की तरह कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत से लेकर नैनीताल विधायक सरिता आर्या हल्द्वानी शहर के सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी समेत शहर के कई प्रमुख लोगों के आवास पर भी SIR के नोटिस पहुंचे हैं।
कुमाऊं कमिश्नर के घर भेजा नोटिस
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के आवास पर सत्यापन प्रक्रिया के तहत नोटिस पहुंचाया गया। यही नहीं नैनीताल विधायक सरिता आर्या, हल्द्वानी शहर के सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी को भी नोटिस भेजा गया। नोटिस मिलने के बाद आज सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दस्तावेज महिला डिग्री कॉलेज के पोलिंग बूथ में बीएलओ के समक्ष प्रस्तुत किए।
पिता के नाम में रह गई थी त्रुटि: सिटी मजिस्ट्रेट
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि मतदाता सूची में उनके पिता के नाम में कुछ त्रुटि हो गई थी ऐसे में उन्होंने आज पोलिंग बूथ पहुंचकर अभिलेख प्रस्तुत किया और त्रुटि को ठीक कराया। उन्होंने कहा की यदि मतदाता सूची में नाम को लेकर कोई त्रुटि हो तो उसे नकारात्मक ना लिया जाए बल्कि पोलिंग बूथ जाकर बीएलओ के पास अपनी अभिलेख प्रस्तुत करें ताकि मतदाता सूची में आपका नाम ठीक तरह से दर्ज हो सके। निर्वाचन आयोग मतदाताओं की हर जानकारी के लिए काम कर रहा है।
नैनीताल विधायक सरिता आर्या के घर पहुंचा SIR का नोटिस
वहीं विधायक सरिता आर्या ने बताया कि पहले 2003 में मैं यहां नगर पालिका अध्यक्ष थी तो मेरे पते में नैनीताल लिखा था। अब उसमें भूमियाधार जुड़ गया है तो उसी में नोटिस आया है। मुझे और मेरे छोटे बेटे को नोटिस भेजा गया था। मैंने अपने साक्ष्य दे दिए हैं। पते को लेकर थोड़ी दिक्कत थी। उन्होंने आमजनता को सलाह देते हुए कहा कि जिन्हें भी नोटिस मिले हैं। सभी लोग अपने डॉक्यूमेंट्स जमा करवाएं और त्रुटियां ठीक करवा लें।







