Pauri Accident: पौड़ी गढ़वाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। रिखणीखाल के कलवाड़ी के पास एक इको वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर है। बताया जा रहा है वाहन में अधिकांश महिलाएं सवार थी। जो बैणी-भूली योजना का फॉर्म भर वापस लौट रही थी ।
पौड़ी में दर्दनाक हादसा
हादसा शनिवार करीब 1 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार भंगलवाण गांव की महिलाएं बैणी-भूली योजना का फॉर्म भर वापस अपने घरों की ओर लौट रही थी। इस दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है हादसे के वक्त वाहन में 12 लोग सवार थे ।
पांच लोग घायल
मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी थीं। सभी महिलाएं रिखणीखाल में दीदी-भुली योजना के फार्म भरने गई थीं। वहां से वापस लौटते समय कलवाड़ी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
वाहन में क्षमता से अधिक लोग थे सवार
बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां थीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को निकालने का काम शुरू किया। पांच घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
मृतकों का विवरण
1-शांति देवी पत्नी दिनेश चंद्र निवासी भंगलवाण
2 रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह निवासी भंगलवाण
3 सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह निवासी भंगलवाण
4- सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिंह निवासी भंगलवाण
5- धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चन्द निवासी भंगलवाण
6- सरोजनी देवी (28) पत्नी मोहन सिंह निवासी भंगलवाण
7- अनिल देवराड़ा (45) पुत्र जया नन्द देवराड़ा ड्राइवर निवासी भंगलवाण
घायलों का विवरण
1- शशी देबी पत्नी गजेन्द्र सिंह पता भंगलवाड़ उम्र 35 वर्ष
2- शकुन्तला देबी पत्नी महेन्द्र सिंह पता भंगलवाड़ उम्र 45 वर्ष
3- जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह निवासी भंगलवाड़
4- सत्यवती देबी पत्नी जगदीश पता भंगलवाड़ उम्र 36 वर्ष
हादसे पर सीएम धामी ने जताया दुख
हादसे पर सीएम धामी ने भी दुख जताया है। सीएम ने कहा पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। इस हृदयविदारक दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
सीएम ने दिए गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कराने के निर्देश
सीएम ने कहा जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









