छोटे से सियासी सफर में खड़ा हुआ ‘राजमहल’? 5 एकड़ के फार्महाउस पर उठ रहे सवाल!

सियासत में कदम रखते ही किस्मत कैसी पलटी मारती है, इसका एक ताजा और हैरान कर देने वाला उदाहरण भले ही उत्तराखंड का हो लेकिन इसका आलीशान मुजस्समा इन दिनों उत्तर प्रदेश के बरेली में देखने को मिल रहा है! उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या और उनके पति पप्पू गिरधारी के बीच जारी जंग की वजह से सुर्खियों में आया एक 5 एकड़ का आलीशान फार्महाउस अब आम जनता और राजनीतिक गलियारों में एक ही बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है— आखिर इतने छोटे से राजनीतिक सफर के दौरान इतनी अकूत संपत्ति और ऐसा भव्य राजमहलनुमा आशियाना कहाँ से आ गया? आइए जानते हैं कि इस चर्चाओं में घिरे फार्महाउस के पीछे की पूरी कहानी क्या है और क्यों इस पर बड़े सवाल उठ रहे हैं।

बरेली के लालपुर में बन रहा है 5 एकड़ का ‘राजमहल’

यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का है। बरेली-सीतापुर हाईवे के पास बड़े बाइपास के नजदीक लालपुर गांव में लगभग 5 एकड़ जमीन पर यह विशाल फार्महाउस बनवाया जा रहा है। स्थानीय चर्चाओं और रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह आलीशान परिसर विशेष रूप से मंत्री रेखा आर्या के लिए ही तैयार कराया जा रहा था।

इस बंगले की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा भी हो चुका है। यहां सफेद खंभों, ऊंचे-ऊंचे गुंबदों और शानदार बालकनियों से सजी एक ऐसी हवेली खड़ी की गई है, जो किसी राजा-महाराजा के राजमहल से कम नहीं लगती। इस पूरे निर्माण में बेशकीमती लाल पत्थरों और मार्बल का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा, परिसर के भीतर एक भव्य मंदिर, एक विशाल स्विमिंग पूल और मेहमानों के लिए एक सुसज्जित गेस्ट हाउस का निर्माण भी कराया गया है। पहले जब भी मंत्री रेखा आर्या बरेली आती थीं, तो वे जोगी नवादा के पास रुकती थीं, लेकिन इस आलीशान गेस्ट हाउस के बनने के बाद उनका यहीं ठहरने का प्लान था।

पति-पत्नी के विवाद से रुकी चमक-धमक, पर खड़े हो गए कई सवाल

हालांकि, पिछले दो वर्षों से मंत्री रेखा आर्या और उनके पति पप्पू गिरधारी के बीच अंदरखाने चल रही अनबन अब खुलकर सामने आ गई है। कथित पारिवारिक कलह पप्पू गिरधारी के मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोपों और पूर्व मैनेजर कल्पना से जुड़ा मामले के चलते इस आलीशान फार्महाउस का निर्माण कार्य पिछले छह महीने से पूरी तरह ठप पड़ा है। आज स्थिति यह है कि देखरेख न होने के कारण स्विमिंग पूल सूख चुका है और करोड़ों की इस संपत्ति का काम अधूरा पड़ा है। लेकिन इस पारिवारिक ड्रामे से अलग, सबसे बड़ा मुद्दा यह बन गया है कि एक जनप्रतिनिधि के पास इतनी भारी-भरकम संपत्ति आखिर आई कहां से?

हरदा का तंज: “मुख्यमंत्री के आवास को भी लज्जित करता है गेस्ट हाउस”

इस पूरे मामले पर सियासत भी गर्मा गई है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक विशाल फार्महाउस और उसके भीतर बना यह भव्यतम राजमहल, जिसका गेस्ट हाउस खुद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के आवास को भी लज्जित करता है, आखिर किसकी बदौलत खड़ा हुआ है? उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि एक छोटे से राजनीतिक अल्पकाल के भीतर इतनी अकूत संपदा आखिर आ कहां से जाती है? साथ ही, यह घटना ‘ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा’ के दावों पर भी कई सवाल खड़े करती है। बहरहाल, पति-पत्नी के रिश्ते में आई खटास की वजह से भले ही इस आलीशान महल का काम रुक गया हो, लेकिन इस अकूत संपत्ति ने जनता के बीच बहस का एक नया दरवाजा जरूर खोल दिया है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.