चुनाव आयोग के समर्थन में रामदास अठावले, बोले ज्ञानेश कुमार को किसी भी सूरत में नहीं देना चाहिए इस्तीफा

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने चौतरफा घिरे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बचाव करते हुए कहा है कि ज्ञानेश कुमार को किसी भी सूरत में इस्तीफा नहीं देना चाहिए, क्योंकि वे पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहे हैं और SIR (विशेष सूचना समीक्षा/प्रक्रिया) पूरी तरह निष्पक्षता से चल रही है।

रामदास अठावले ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

देहरादून के बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अठावले ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता SIR को लेकर देश में “झूठ की दुकान” चला रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस की दोहरी नीति पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आते हैं, तब सब कुछ ठीक रहता है, लेकिन जैसे ही कांग्रेस हारती है, वे तुरंत EVM और संवैधानिक संस्थाओं पर ठीकरा फोड़ना शुरू कर देते हैं।” उन्होंने याद दिलाया कि EVM मशीन किसी और के समय में नहीं, बल्कि खुद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही लाई गई थी।

पीएम की रिकॉर्ड तोड़ सफलताओं बौखला गए राहुल गांधी: अठावले

रामदास अठावले ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रिकॉर्ड तोड़ सफलताओं के कारण राहुल गांधी पूरी तरह बौखला और भड़क चुके हैं। उन्होंने कहा, “पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़कर नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं, और इस ऐतिहासिक उपलब्धि को राहुल गांधी पचा नहीं पा रहे हैं। देश की जनता का भरोसा मोदी जी के साथ है और चौथी बार भी पूर्ण बहुमत के साथ NDA की ही सरकार बनेगी।”

मुद्दाविहीन हो चुका है विपक्ष

केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के आंकड़े पेश करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि देश में अब तक 59 करोड़ 30 लाख से अधिक जन धन बैंक खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें से अकेले उत्तराखंड में 40 लाख 95 हजार खाते खुले हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन से अंतिम व्यक्ति तक सीधा लाभ पहुंच रहा है, जिससे विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.