नैनीताल समेत पूरे उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से इन दिनों जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के पीछे से गुजरने वाली शिप्रा नदी भी भारी बारिश के चलते इन दिनों उफान पर आ गई है।
कैंची धाम मंदिर पर उफान पर आई शिप्रा नदी
नैनीताल जिले में स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम के पास भारी मानसूनी बारिश के चलते शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। लगातार मूसलाधार बारिश के बाद नदी उफान पर है और पानी मंदिर के पास तक पहुंच गया है। उफनती हुई नदी को देखकर ऐसा लगता है कि अगर बारिश नहीं रुकी, तो शिप्रा नदी जल्द ही विकराल रूप ले सकती है।
कैंची धाम मंदिर पर उफान पर आई शिप्रा नदी, वीडियो देखें #Uttarakhand #nainital #kainchidham pic.twitter.com/F8NAskly4W
— Khabar Uttarakhand (@KUttarakhand) September 2, 2026
पहाड़ियों से भूस्खलन के चलते बढ़ रही परेशानी
भारी बारिश के कारण नैनीताल के आस-पास के इलाकों में पहाड़ियों से बड़े-बड़े पत्थर नीचे गिरने की खबरें आ रही हैं। कई स्टेट हाईवे और ग्रामीण सड़कें बंद कर दी गई हैं, जिससे यात्रा करना मुश्किल हो गया है। ज़िला और पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सिर्फ़ ज़रूरी होने पर ही यात्रा करें और नदियों, नालों से दूर रहें।
नैनीताल में आज भी जारी है बारिश का दौर
जिला प्रशासन ने मूसलाधार बारिश के चलते 2 सितंबर को नैनीताल के सभी स्कूलों में कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। बता दें जिले में आज भी सुबह से बारिश का दौर जारी है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








