देहरादून में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत की खबर सामने आ रही है। यहां डोईवाला इलाके में एक नवविवाहिता की शादी के आठ महीने बाद संदिग्ध मौत के मामले में मृतका की मां ने उसके ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। इसी को लेकर शिकायत पुलिस में की है।
ऐसे में डोईवाला थाना पुलिस में सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात मृतका के पति, सास और ननंद पर हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतका की मां ने ये भी आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज और दूसरी बातों को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

आठ महीने पहले हुई थी शादी
मृतक की मां ने शिकायत में बताया कि नवंबर 2025 में उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी सौरभ खत्री से हुई थी। हालांकि शादी के बाद से ही उसे ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। मां ने बताया कि कभी दहेज तो कभी बाकी चीजों के लिए वो उसे अपमानित करते थे। साथ ही वो बेटी को मनहूस कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी करते थे।
ये भी पढ़ें:- सहा नहीं जाता…मनहूस हूं…सॉरी मम्मा, आखिरी वीडियो में फूट-फूट कर रोई देहरादून की सृष्टि
29 जुलाई को हुई सृष्टि कंडारी की मौत
पीड़िता की मां सीमा कंडारी ने बताया कि उनकी बेटी की सचिवायल में निजी सचिव के पद पर तैनात सौरभ खत्री से हुई थी। जो हर्रावाला में दिल्ली फॉर्म के पास रहता है। उनकी बेटी सरकारी टीचर थी। मां ने आरोप लगाया कि 28 और 29 जुलाई को जब बेटी से फोन पर बात नहीं हुई तो उन्होंने जानकार को बेटी के ससुराल भेजा। जिसने उन्हें फोन पर बताया कि बेटी की तबीयत खराब है। उसे अस्पताल लेकर जाया गया है। परिवार भी श्रीनगर से देहरादून पहुंच गया। यहां आकर उन्हें मालूम हुआ कि उनकी बेटी की मौत हो गई।
ससुराल वालों ने नहीं दी कोई जानकारी
मृतका की मां ने बताया कि पूरा परिवार देहरादून पहुंचा था। उन्होंने ससुराल पक्ष से जब पूछा कि अगर बेटी ने सुसाइड किया तो उन्हें इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। जिस पर ससुराल वालों ने कहा वो इतने व्यस्त थे कि वो फोन नहीं कर पाए। हालांकि अब परिवार ने बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ससुराल वालों को बताया।
ससुर की मौत के लिया बताया जिम्मेदार
मृतक की मां ने बताया कि शादी के 3 महीने बाद जनवरी में बेटी के ससुर को हार्ट अटैक आया। इसका दोष भी सृष्टि पर ही मढ़ा गया और उसे मनहूस बताया गया। सृष्टि की मां के मुताबिक उन्होंने बेटी से कहा था कि कोई बात है तो परिवार वहां जाकर ससुराल पक्ष से बात करेगा। लेकिन बेटी ने ही मना कर दिया। सृष्टि की मां ने ये भी बताया कि बेटी की आत्महत्या से तीन दिन पहले उसके ससुर का भी देहांत हो गया था। जिसके बाद से ससुराल वाले उसे और भी ज्यादा टॉर्चर करने लगे।
मुकदमा दर्ज, जांच सीओ कों सौंपी
मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने बेटी के पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मां ने बेटी सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर उसकी हत्या का इलजाम तीनों पर लगाया है।







