
‘क्या पता आप में से कोई मेरा भगवान बन जाए…’ ये शब्द है उत्तराखंड की एक बेटी के जो अपने पिता का बीते आठ साल से इंतजार कर रही हैं। इस बेटी के शब्द किसी भी पत्थर दिल को पिघला सकते हैं। ये है उत्तरकाशी की दीपिका, जिसका एक ही सपना है अपने उस पिता को जिंदा देखना, जो सात समंदर पार सऊदी अरब में बंधक बना लिए गए हैं। इस बेटी ने सांसद से लेकर CM के तक दरवाजे खटखटाए। लेकिन इसकी आवाज कहीं नहीं सुनी गई।
8 साल से पिता का चेहरा देखने को तरस रही बेटी
दरअसल उत्तरकाशी से एक ऐसी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जो किसी भी संवेदनशील इंसान को झकझोर देगी। गांव गोरसाड़ा के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल साल 2018 में रोज़ी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब गए थे। लेकिन आज पूरे 8 साल बीत चुके हैं, और वो अपने घर वापस नहीं लौट पाए हैं।
साऊदी में बंधक बने है दीपिका नौटियाल के पिता
परिवार का आरोप है कि उन्हें वहां बंधक बनाकर रखा गया है। इस मामले को लेकर बेटी दीपिका नौटियाल ने एक इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। जिसमें वो अब लोगों से मदद की गुहार लगाती नज़र आ रही हैं। दीपिका नौटियाल के आरोप हैं कि साउदी में उनकी पिता के कंपनी के मालिक ने उसके पिता का पासपोर्ट जब्त कर लिया और उन्हें बंधुआ मजदूर बनाकर रखा गया है।
ना सैलरी मिल रही है, ना ही भारत आने दिया जा रहा
दीपिका नौटियाल ने आरोप लगाए की ना तो उनके पिता को वहां उनकी मेहनत की सैलरी दी जा रही है और न ही इंद्रमणि नौटियाल को भारत अपने परिवार के पास लौटने दिया जा रहा है। हालात ये हैं कि परिवार ने पिछले 8 सालों से इंद्रमणि नौटियाल को अपने सामने नहीं देखा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार की हालत बद से बदतर, कोई कमाने वाल नहीं
इंद्रमणि के बिना उनके परिवार की हालत बद से बदतर होते जा रहे हैं। इंद्रमणि नौटीयाल की पत्नी हाउसवाइफ हैं, उनका 19 साल का एक छोटा बेटा है और बेटी दीपिका अभी पढ़ाई कर रही है। घर में कमाई का कोई दूसरा जरिया नहीं है। आर्थिक तंगी और पिता की जुदाई ने इस परिवार को तोड़कर रख दिया है।
सांसद से सीएम तक सभी जगह लगाई गुहार
दीपिका नौटियाल के मुताबिक उन्होंने सांसद अनिल बलूनी से लेकर सीएम धामी से तक मदद की गुहार लगाई लेकिन इतने सालों में उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।
थक हारकर सोशल मीडिया का लिया सहारा
थक-हारकर अब इस बेटी ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड की है जिसमें वो जनता से मदद की गुहार लगाते हुए कहती नजर आ रही है। वो कहती है कि मेरा इस वीडियो को बनाने का यही उद्देश्य है कि क्या पता आप लोगों में से कोई मेरा भगवान बन जाए?







