नशे की लत और कर्ज चुकाने के लिए बंद पड़े हॉस्टल में की चोरी, ताला तोड़कर उड़ाए बेड-अलमारी

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के बिधोली में बंद पड़े दुआ बॉयज हॉस्टल में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमारियां बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने नशे की लत के चलते हुए कर्ज को चुकाने और जल्द पैसा कमाने के लिए चोरी की योजना बनाई थी।

बंद हॉस्टल की रेकी कर बनाई चोरी की योजना

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को हॉस्टल संचालक रजत दुआ ने शिकायत दी थी कि बिधोली स्थित उनके हॉस्टल से अज्ञात लोग लकड़ी के बेड, अलमारियां और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर 11 अक्टूबर को कांसवाली रोड के तल्ली कंडोली-बिधोली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू, जोगेंद्र कुमार, सचिन कुमार और असलम के रूप में हुई है।

कर्ज चुकाने के लिए चोरी करने का आरोप

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू ने बताया कि वह बिधोली क्षेत्र का रहने वाला है और नशे का आदी है। नशे की लत के चलते उसने कई लोगों से उधार लिया था। कर्ज चुकाने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, अगस्त में एक दोस्त के घर जाते समय आदित्य ने रास्ते में बंद पड़ा दुआ बॉयज हॉस्टल देखा था। हॉस्टल के अंदर झांकने पर उसे कई बेड, अलमारियां, गीजर, जिम का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण दिखाई दिए। इसके बाद उसने सामान चोरी कर बेचने की योजना बनाई। आरोप है कि आदित्य ने अपने दो साथियों जोगेंद्र और सचिन को भी योजना में शामिल किया। दोनों ने उसे सहसपुर के एक कबाड़ी असलम के बारे में बताया। पुलिस के मुताबिक, असलम भी चोरी का सामान खरीदने के लिए तैयार हो गया।

ताला तोड़कर चोरी किया था सामान

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मौका देखकर हॉस्टल का ताला तोड़ा और वहां से लकड़ी के बेड, लोहे की अलमारियां, गीजर और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी किए गए कुछ सामान को उन्होंने कबाड़ी को बेच दिया, जबकि गीजर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एक अन्य कबाड़ी के पास ले जाए गए। पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए कुछ बेड और अलमारियां आरोपियों के पास बची हुई थीं। वे इन्हें बेचने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमारियां बरामद हुई हैं।

एक अन्य आरोपी की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू (22), जोगेंद्र कुमार (29), सचिन कुमार (23) और असलम (40) शामिल हैं। आदित्य, जोगेंद्र और सचिन वर्तमान में बिधोली क्षेत्र में रहते हैं, जबकि असलम सहसपुर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चोरी की घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति का नाम भी सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.