केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह देहरादून पहुंच गए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। इसके बाद अमित शाह परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां राज्य स्थापना दिवस के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वो शामिल होंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे परेड ग्राउंड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अमित शाह को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उन्हें बुके देकर उनका स्वागत किया। सीएम धामी ने फोटो शेयर कर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया।
सीएम धामी ने किया स्वागत
उन्होंने लिखा, “हिमालय के हिमकिरीट से सुशोभित, गंगा की पावन धारा से अभिसिंचित, शौर्य और पराक्रम की अमिट गाथाओं को अपने आंचल में समेटे देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री Amit Shah जी का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।”
1500 करोड़ की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
आगे उन्होंने लिखा, “राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आदरणीय श्री अमित शाह जी द्वारा आज प्रदेश को ₹1,475.31 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। जो उत्तराखंड की विकास यात्रा को नई गति एवं दिशा प्रदान करेगा।”
भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह
परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी, दोनों सह प्रभारी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री, सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री मौजूद हैं। अमित शाह के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा परेड ग्राउंड पहुंची
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा परेड ग्राउंड पहुंची, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कार्यक्रम की तैयारियां पूरी की गईं।
अमित शाह का ये दौरा अहम
भाजपा के लिए अमित शाह का यह दौरा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि परेड ग्राउंड से अमित शाह चुनावी तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और संगठन को राजनीतिक संदेश दे सकते हैं।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








