
उत्तराखंड में आज मौसम का कहर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों के अलर्ट के बाद सीएम धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
सीएम धामी ने दिए आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
प्रदेश में भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने SDRF, NDRF और सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम ने पर्यटकों से की सावधानी बरतने की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।
दोनों जिलों में बंद रहेंगे स्कूल
देहरादून और बागेश्वर जिले में भारी बारिश के अलर्ट के बाद दोनों जिलों के डीएम ने कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। साथ ही आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।







