रुड़की में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला यूट्यूबर का शव!, वीडियो कॉल ने बनाई रहस्यमय मौत

उत्तराखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में यूट्यूबर का शव मिला है। हरिद्वार जिले में रुड़की के पास पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक 32 साल के यूट्यूबर की मौत हो गई। गेस्ट हाउस के कमरे से शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान आतिफ के रुप में हुई है। एक कथित वीडियो कॉल ने आतिफ की मौत को और भी ज्यादा रहस्यमय बना दिया है।

रुड़की में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला यूट्यूबर का शव!

दरअसल यूट्यूबर आतिफ यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के निराना गांव का रहने वाला था। फिलहाल जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक उसने किसी लड़की को वीडियो कॉल किया था। जिसके बाद वो मृत पाया गया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी कुछ स्पष्ट नहीं बताया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा।

युवती से नाराज होकर आया था रुड़की

पुलिस ने जो जानकारी दी है उसके अनुसार वो मुजफ्फरनगर में किराये पर रहता था। वो एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। तीनों ही यूट्यूबर हैं। कहा जा रहा है कि युवती और आतिफ के बीच नाराजगी चल रही थी। उसी से नाराज होकर आतिफ 14 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे कलिया आया। जहां वो एक गेस्ट हाउस में रुका था।

वीडियो कॉल पर की युवती से बात

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान आतिफ ने अपनी जान देने की बात कही। युवती ने दूसरे मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के जरिए अपने भाई को पूरा ये घटनाक्रम दिखाया। भाई ने भी वीडियो का स्क्रीनशॉट लिया और लड़के के परिवार वालों को भेज दिया।

सभी पहलुओं की हो रही जांच

आनन-फानन में आतिफ के परिजन कलियर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची। कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में आतिफ का शव मिला। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.