चीनी के बाद दाल-चावल और सब्जियों के दामों में उछाल, त्योहार से पहले उड़ी रसोई की रंगत – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही लोगों की जेब पर महंगाई ने डाका डाल दिया है। रोजमर्रा की जरुरत से जुड़ी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। चीनी के बाद दाल-चावल और सब्ज़ियों के दामों ने भी हाहाकार मचा दिया है। रसोई का बजट बिगड़ गया है।

चीनी के बाद दाल-चावल और सब्जियों के दामों में उछाल

देश में त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है। लेकिन उससे पहले ही महंगाई ने लोगों की जेब पर डाका डाल दिया है। रोजमर्रा की जरुरत से जुड़ी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। चीनी के बाद दाल-चावल और सब्ज़ियों की कीमतों में आए उछाल से ना सिर्फ थाली की रंगत बदली है बल्कि स्वाद भी बिगड़ गया है। सुबह की चाय से लेकर शाम की सब्ज़ी के बढ़े दामों ने आम आदमी को चौंका दिया है। महज एक महीने में जहां चीनी 20 रुपए महंगी हो गई, वहीं चंद दिनों में अन्य जरुरी सामान के भाव भी बढ़ गए हैं।

रोजमर्रा की चीजों में इतना हुआ इजाफा

अब तक चीनी 45 रुपए किलो थी। जो अब 65 रुपए पहुंच गई है। एक महीने में चीनी में 20 रुपए का इज़ाफा हुआ है। वहीं चावल की कीमत 90 रुपए से 100 रुपए पहुंच गई है। जबकि अरहर की दाल 120 रुपए से 150 रुपए, चाय पत्ती 380 रुपए से 456 रुपए, चना 80 रुपए से 85 रुपए, सरसों का तेल 160 रुपए से 190 रुपए, काजू 1000 रुपए से 1500 रुपए और बदाम 800 रुपए से 1100 रुपए पहुंच गया है ।

सब्जियों के भाव पर डालें नजर

सब्जियों के भाव पर भी नज़र डालें तो प्याज 30 रुपए प्रति किलो से 60 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। वहीं भिंडी 30 रुपए प्रति किलो से 60 रुपए प्रति किलो, फूलगोभी 60 रुपए प्रति किलो से 100 रुपए प्रति किलो, लौकी 40 रुपए प्रति किलो से 70 रुपए प्रति किलो, अदरक 240 रुपए प्रति किलो से 280 रुपए प्रति किलो हो गया है।

व्यापार पर दिख रहा महंगाई का असर

उधर दुकानदारों ने बताया कि महंगाई का असर उनके व्यापार पर भी पड़ रहा है। त्योहार नज़दीक हैं बावजूद इसके बाजार खाली हैं। त्योहारों की रौनक कही जाने वाली मिठाई के दामों में भी जल्द बढ़ोतरी होने वाली है। मार्केट में चर्चा इस बात की भी है कि रक्षाबंधन से लेकर दीपावली तक मिठाई और चीनी के दामों में और बढ़ोतरी होना तय है।