चुनाव से पहले बढ़ा BJP का कुनबा, गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने मिलाया हाथ, 27 में हैट्रिक का शुभ संकेत? – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

नेताओं, कार्यकर्ताओं से आगे बढ़ते हुए भाजपा विस्तार का सिलसिला क्षेत्रीय दलों के विलय के साथ नए पड़ाव से आगे बढ़ गया है। इसी क्रम में गोरखा समुदायों के राजनीतिक दल गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने भगवा परचम थाम, भाजपा की हैट्रिक का संकल्प लिया।

गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने थामा BJP का दामन

पार्टी मुख्यालय में हुए इस कार्यक्रम में गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को औपचारिक विलय पत्र सौंपा। जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने शाही एवं उनके साथ आए फ्रंट के पदाधिकारियों को पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई।

भाजपा को अधिक मजबूती प्रदान करेगा विलय: भट्ट

महेंद्र भट्ट ने इस अवसर पर गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के विलय का स्वागत करते हुए, पार्टी संगठन की दृष्टि से इसे एक और महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि पिछली बार के चुनाव में भी हमें फ्रंट का सीधा समर्थन मिला था और उससे पहले फ्रंट स्वतः अनेकों विधानसभाओं में सक्रियता से चुनावों में भाग लिया है। लिहाजा इस बार आपका विलय भाजपा को अधिक मजबूती प्रदान करेगा। क्यूंकि बड़ी संख्या में जब दूसरे दलों के लोग पार्टी से जुड़ते हैं, तो पार्टी को शक्ति भी प्राप्त होती है।

आपके मान-सम्मान की चिंता करना मेरा कर्तव्य है: भट्ट

भट्ट ने गोरखा फ्रंट के निर्णय को राज्य हित में बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने में यह महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही विश्वास दिलाया कि आपके मान-सम्मान की चिंता करना, दल के अध्यक्ष होने के नाते मेरा कर्तव्य है। लिहाजा पार्टी आप सबकी उपयोगिता को देखते हुए उचित सम्मान देगी और जहां-जहां आवश्यक लगेगा, आपका सहयोग लेंगे।

नेपाल त्रासदी पर जताया दुख

पार्टी ने इस दौरान कल नेपाल में आई बड़ी त्रासदी पर दुख प्रकट करते हुए पीएम मोदी और देश की तरफ से शोक संवेदना व्यक्त की। जिन तमाम लोगों ने वहां जान गंवाई है, ऐसे सभी लोगों के परिवारों के प्रति हमारी भी संवेदना है। जो घायल लोग हैं, उनको ईश्वर जल्दी उनको स्वस्थ करे। भारत की तरफ से बड़ी संख्या में राहत सामग्री नेपाल भेजी गई है और हमारी भी कोशिश होगी गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के माध्यम से पार्टी राहत राशि एकत्र करना। जिसें धामी सरकार के माध्यम से नेपाल की मदद के लिए दिया जाएगा।