पर्यावरण के लिए अरुशी निशंक बनीं ‘चेंजमेकर’, मिला बड़ा सम्मान

स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. अरुशी निशंक को ‘चेंजमेकर अवॉर्ड ‘एनवायरनमेंट’ से सम्मानित किया गया। भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल जी ने डॉ. अरुशी निशंक को ये सम्मान प्रदान किया।

अरुशी निशंक को मिला ‘चेंजमेकर अवॉर्ड’

ये सम्मान Global ESG एवं 4th Prithvi Awards-2026 के अवसर पर प्रदान किया गया। ESG Research Foundation द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण, सतत विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न हस्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

‘स्पर्श गंगा अभियान’ और ‘प्लास्टिक से पुण्य’ के चलते मिला सम्मान

डॉ. अरुशी निशंक को ये सम्मान उनके ‘स्पर्श गंगा अभियान’ और ‘प्लास्टिक से पुण्य’ जैसे अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, नदियों की स्वच्छता, प्लास्टिक के प्रति जनजागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

अरुशी निशंक ने युवाओं की भागीदारी को बताया जरूरी

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अरुशी निशंक ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। प्रकृति की रक्षा के लिए हमें अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलावों को अपनाने के साथ समाज और विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान से जोड़ना होगा।”

उन्होंने कहा कि भारत की नदियां, हिमालय और प्राकृतिक संसाधन हमारी आने वाली पीढ़ियों की विरासत हैं और इनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान के रूप में नहीं, बल्कि जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प

डॉ. अरुशी निशंक ने कहा कि ‘स्पर्श गंगा’ के माध्यम से स्वच्छ नदियों और पर्यावरण के प्रति जनचेतना तथा ‘प्लास्टिक से पुण्य’ के माध्यम से प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग और पुनर्चक्रण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सरकार, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं, स्वयंसेवकों, उद्योग जगत और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से ही स्थायी परिवर्तन संभव है।

Global ESG Conference एवं 4th Prithvi Awards-2026 का आयोजन 25 सितंबर 2026 को लेवल-2, लीडर्स लाउंज, भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया गया। कार्यक्रम में श्री अर्जुन राम मेघवाल जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.