रुड़की के झबरेड़ी कला गांव में प्रेम-प्रसंग के शक को लेकर खूनी वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने पहले पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद अपने ही घर पहुंचकर बहन को भी गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गई युवती को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रेम-प्रसंग के शक में बहन और पड़ोस को मारी गोली
दरअसल, झबरेड़ी कला गांव निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना और सूरज से प्रेम प्रसंग को लेकर शक था। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया था। पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर भड़क गया।
आरोप है कि अमन तमंचा लेकर पड़ोस में रहने वाले मुन्ना के घर पहुंचा और उसे गोली मार दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी। गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डबल मर्डर से गांव में दहशत का माहौल
गांव में एक के बाद एक हुई गोलीबारी की वारदात से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
आरोपी की धरपकड़ तेज
एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल तमंचा आरोपी के पास कहां से आया। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। प्रेम प्रसंग के शक से शुरू हुआ विवाद अब दो मौतों तक पहुंच गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
रुड़की से अरशद हुसैन के दिए इनपुट के आधार पर
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








