सर्दियों में उत्तराखंड को मिलेगी अतिरिक्त बिजली, केंद्र ने छह माह के लिए 73 मेगावाट आवंटन किया मंजूर

सर्दियों के दौरान उत्तराखंड में बढ़ने वाली बिजली की मांग को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य के लिए अतिरिक्त बिजली आवंटन को मंजूरी दी है। केंद्रीय क्षेत्र के विद्युत उत्पादन केंद्रों के अनआवंटित पूल से उत्तराखंड को अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। यह व्यवस्था एक अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी।

केंद्र ने छह माह के लिए 73 मेगावाट आवंटन किया मंजूर

केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार, उत्तराखंड को छह माह की अवधि में कुल 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित की गई है। महीनेवार आवंटन के तहत अक्टूबर में 5 मेगावाट, नवंबर में 8 मेगावाट, दिसंबर में 16 मेगावाट बिजली मिलेगी। वहीं जनवरी 2027 में सबसे अधिक 19 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का आवंटन किया गया है। फरवरी में 16 मेगावाट और मार्च 2027 में 9 मेगावाट बिजली उत्तराखंड को उपलब्ध होगी।

सर्दियों में बढ़ जाती है बिजली की मांग

उत्तराखंड में सर्दियों के दौरान बिजली की मांग में बढ़ोतरी होती है। खासतौर पर पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के साथ बिजली की खपत भी बढ़ती है। ऐसे में अतिरिक्त बिजली आवंटन से राज्य की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है। केंद्र के इस फैसले से सर्दियों के दौरान बिजली आपूर्ति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। अतिरिक्त आवंटन से राज्य को पीक डिमांड के समय बिजली की उपलब्धता बनाए रखने में भी सहूलियत होगी।

सीएम धामी ने जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की सर्दियों की बिजली आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त बिजली आवंटित किए जाने पर पीएम मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया है। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराए जाने से प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे सर्दियों के दौरान राज्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.