रानीखेत में पैगम्बर साहब के योमे पैदाइश पर निकला सद्भावना मार्च, अमन-भाईचारे का दिया संदेश – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के योमे पैदाइश के मौके पर बुधवार को रानीखेत में मुस्लिम समाज की ओर से सद्भावना मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से देश प्रेम, आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया। साथ ही “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” का संदेश देते हुए बेटियों की शिक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता का आह्वान किया गया।

रानीखेत में पैगम्बर साहब के योमे पैदाइश पर निकला सद्भावना मार्च

सद्भावना मार्च में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया। मार्च के दौरान देश की एकता और अखंडता के साथ-साथ देश के सैनिकों के सम्मान एवं उनकी सलामती की कामना भी की गई।

अस्पताल में मरीजों को किए फल वितरित

मार्च के बाद गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय, रानीखेत पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। मुस्लिम समाज की ओर से किए गए इस सेवा कार्य को सामाजिक सद्भाव और मानव सेवा की भावना से जोड़कर देखा गया।

जामा मस्जिद के पेश इमाम मोहम्मद इंतजार राजा ने देश की सलामती, देश के सैनिकों की सुरक्षा, आपसी भाईचारे तथा हिंदुस्तान और रानीखेत शहर के सभी लोगों की सेहत, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जामा मस्जिद में बच्चों के लिए किया दीनी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

जलूस के बाद जामा मस्जिद में बच्चों के लिए दीनी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और धार्मिक एवं नैतिक विषयों से जुड़े सवालों के जवाब दिए। इसके बाद आम न्याज (लंगर) का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद/भोजन ग्रहण किया।