सोशल मीडिया पर हरिद्वार का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसने सार्वजनिक शौचालयों में कथित वसूली गैंग की पोल खोल दी है। दरअसल ये पूरा मामला हरिद्वार का है जहां पर एक कांग्रेस नेता यात्री बनकर पहुंच गए। इसके बाद जो हुआ उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
सुलभ शौचालय मुफ्त, फिर भी जबरन वसूली
मीडिया रिपोर्टस की मानें तो काफी वक्त से सुलभ शौचालयों में यात्रियों से मनमानी वसूली की शिकायतें सामने आ रही थी जिसकी सच्चाई जानने के लिए कांग्रेस नेता अशोक शर्मा खुद एक आम यात्री का भेष बनाकर इस शौचालय में पहुंच गए।
हरिद्वार में कांग्रेस नेता अशोक शर्मा से ही मांग लिए पैसे
अशोक शर्मा अंदर गए, यूरिनल का इस्तेमाल किया और बाहर आते ही वहां बैठे कर्मचारी ने अशोक शर्मा को रोका और यूरिनल इस्तेमाल करने के एवज में 10 रुपये की मांग कर दी। अब जिस सुविधा के लिए नगर निगम ने कोई चार्ज नहीं रखा है, जिसे पूरी तरह फ्री होना चाहिए, उसके लिए 10 रुपये मांगे जा रहे थे।
मोबाइल में रिकार्ड किया पूरा वाक्य
हालांकि इसके बाद नेताजी ने 10 रुपये दे दिए, लेकिन उनके साथ मौजूद पार्षद सुनील कुमार ने अपना मोबाइल कैमरा ऑन कर रखा था। वसूली का ये पूरा खेल मोबाइल में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे कर्मचारी बिना किसी डर के पैसे ले रहा है और जब उससे सवाल-जवाब किए गए, तो वो बहस पर उतर आया। जिससे साफ है कि इन्हें किसी कार्रवाई का डर नहीं है।
अशोक शर्मा ने सीधे सिस्टम पर उठाए सवाल
इस कथित लूट के सामने आने के बाद पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने सीधे सिस्टम पर सवाल उठाए हैं। अशोक शर्मा का कहना है कि सरकार ने शौचालय खुले में शौच रोकने के लिए बनाए हैं, न कि टॉयलेट संचालकों की तिजोरी भरने के लिए।
अशोक शर्मा ने मांग की है कि हरिद्वार के हर सुलभ और सार्वजनिक शौचालय के बाहर रेट लिस्ट का बड़ा बोर्ड लगना चाहिए।ताकि बाहर से आने वाले भोले-भाले यात्रियों को पता हो कि क्या फ्री है और किसके कितने पैसे देने हैं। फिलहाल इस वायरल वीडियो और कांग्रेस नेता के आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर लगातार इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








