स्कूलों में ‘सेवा से संकल्प’ पर सियासी बवाल, कांग्रेस ने मुख्य सचिव से की रोक की मांग

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर राजकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में आयोजित हो रहे ‘सेवा से संकल्प’ कार्यक्रम के जरिए राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस तरह के प्रयासों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।

‘सेवा से संकल्प’ के नाम पर स्कूलों का हो रहा राजनीतिकरण: धस्माना

सीएस को भेजे पत्र में धस्माना ने कहा कि स्कूलों को एक विशेष राजनीतिक विचारधारा और दल के प्रचार-प्रसार का केंद्र बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम के जन्म दिवस पर मनाए जा रहे इस अभियान की आड़ में सत्ताधारी दल सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहा है। विभागीय अधिकारियों के जरिए ऐसा दबाव बनाया जा रहा है कि कार्यक्रमों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करना अनिवार्य हो।

धस्माना ने की जांच की मांग

सबूत के तौर पर धस्माना ने खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर का 22 सितंबर 2026 को जारी आदेश को भी पत्र के साथ संलग्न किया है। धस्माना ने मुख्य सचिव से मांग की है कि ‘सेवा से संकल्प‘ के तहत स्कूलों में आयोजित सभी कार्यक्रमों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। स्कूल परिसर, सरकारी भवनों व संसाधनों के राजनीतिक प्रचार-प्रसार के लिए इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।

धस्माना ने कहा छात्रों और शिक्षकों की राजनीतिक कार्यक्रमों में अनिवार्य या दबावपूर्वक भागीदारी पर तुरंत रोक लगे। यदि किसी स्कूल में राजनीतिक प्रचार की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों व प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की जाए। और सभी विद्यालयों में संवैधानिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता और राजनीतिक निष्पक्षता बनाए रखने के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए जाएं।

मामले के सार्वजनिक हो शासन की कार्रवाई: धस्माना

सूर्यकांत धस्माना ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थान राष्ट्र निर्माण के पवित्र केंद्र हैं, न कि किसी दल का प्रचार माध्यम। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह विद्यार्थियों को स्वतंत्र और लोकतांत्रिक वातावरण उपलब्ध कराए। उन्होंने शासन से इस मामले में की गई कार्रवाई को सार्वजनिक करने की भी मांग की है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.