उत्तराखंड के 12 ITI फिर होंगे शुरू, आगामी शैक्षिक सत्र से युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण का मौका

प्रदेश में युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन ने 12 असंचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित किए जाने का निर्णय लिया है।

उत्तराखंड के 12 ITI फिर होंगे शुरू

इसके तहत पिथौरागढ़ के डीडीहाट विकासखंड के अंतर्गत थल एवं मूनाकोट विकासखंड के अंतर्गत बढ़ावे, पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल विकासखंड के अंतर्गत द्वारीखाल एवं पौड़ी विकासखंड के अंतर्गत पौड़ी (परसुंडाखाल), चमोली के देवाल विकासखंड के अंतर्गत देवाल और घाट विकासखंड के अंतर्गत घाट, जनपद चम्पावत के बाराकोट विकासखंड के अंतर्गत बाराकोट, हरिद्वार के बहादराबाद विकासखंड के अंतर्गत लालढांग, देहरादून के चकराता विकासखंड के अंतर्गत लाखामंडल, बागेश्वर के गरुड़ विकासखंड के अंतर्गत गरुड़, टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर विकासखंड के अंतर्गत रणाकोट, ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर विकासखंड के अंतर्गत किच्छा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का संचालन किया जाएगा।

आगामी शैक्षिक सत्र से युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण का मौका

इस संबंध में सचिव, कौशल विकास एवं सेवायोजन श्री सी. रवि शंकर ने निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, नैनीताल को प्रेषित पत्र कर प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के संचालन एवं बंद किए जाने के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों और तथ्यों का परीक्षण करने के उपरांत 12 असंचालित राजकीय आईटीआई को समस्त आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित करवाने के निर्देश दिए।

व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर

उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के संचालन से संबंधित क्षेत्रों के युवाओं को अपने आसपास ही व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं के कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.