पौड़ी जिले के यमकेश्वर स्थित राजकीय महाविद्यालय में फर्जी और जाली दस्तावेजों के सहारे असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी हथियाने वाले एक असिस्टेंट प्रोफेसर को पुलिस ने धर दबोचा है। पौड़ी पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉ. उमेश त्यागी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे के बाद शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।
यमकेश्वर के गुरु गोरखनाथ राजकीय डिग्री कॉलेज का मामला
यह पूरा मामला यमकेश्वर के विथ्याणी स्थित गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय का है। कुछ समय पहले यह बात सामने आई थी कि महाविद्यालय में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी (उम्र 49 वर्ष) ने अपनी नियुक्ति पाने के लिए जो शैक्षणिक प्रमाण पत्र दिए थे, वे पूरी तरह से फर्जी और कूटरचित (जाली) थे। इस गड़बड़ी की भनक लगते ही महाविद्यालय प्रशासन में खलबली मच गई। इसके बाद, गत 23 सितंबर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य ने थाना यमकेश्वर में एक आधिकारिक तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने मांग की कि आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ फर्जी दस्तावेजों के सहारे सरकारी नौकरी पाने के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा और बनाई विशेष टीम
प्राचार्य की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना यमकेश्वर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं—जैसे धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2)—के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी, सर्वेश पंवार ने इस प्रकरण की निष्पक्ष और तेज जांच के कड़े निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार, मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर, तपेश कुमार की देखरेख में थाना यमकेश्वर की एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
गाजियाबाद से दबोचा गया आरोपित
गठित पुलिस टीम ने मामले की तह तक जाने के लिए दिन-रात एक कर दिया। पुलिस ने दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और तमाम अहम सबूत जुटाए। इसके बाद लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए पुलिस टीम ने बीती 12 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी डॉ. उमेश त्यागी को गाजियाबाद से दबोच लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का पुराना पता मुरादनगर (गाजियाबाद) और वर्तमान पता बादलपुर, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरे मामले का पर्दाफाश कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि, कांस्टेबल संजीव कुमार, तथा सीआईयू टीम से एएसआई अहसान अली और कांस्टेबल अवनीश राणा शामिल रहे।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








