खजान दास बनाम मुन्ना चौहान! जौनसार की सियासत में बजट पर बवाल

उत्तराखंड की सियासत में इन दिनों जौनसार क्षेत्र को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। भाजपा के भीतर जौनसार क्षेत्र में नेतृत्व और राजनीतिक प्रभाव को लेकर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आती दिखाई दे रही है। इसी बीच जनजातीय कल्याण विभाग से जुड़े एक सरकारी आदेश ने इस सियासी विवाद को और हवा दे दी है। विभाग की ओर से करीब 12 करोड़ के बजट के खर्च पर फिलहाल रोक लगाए जाने का आदेश सामने आया है।

जौनसार की सियासत में बजट पर बवाल

पूरा मामला उस समय चर्चा में आया जब भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान की पत्नी और भाजपा नेता मधु चौहान ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री खजान दास के आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान जनजातीय क्षेत्र के लिए जारी होने वाले बजट को लेकर सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारियों की ओर से बजट आवंटन में अनियमितता और कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए गए थे। साथ ही आरोप लगाया गया कि योजनाओं का बजट कांग्रेस से जुड़े लोगों को दिया जा रहा है।

मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन से गरमाया मामला

मधु चौहान के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद जौनसार की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया। मामला केवल विभागीय बजट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे भाजपा के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान से भी जोड़कर देखा जाने लगा। जौनसार क्षेत्र में लंबे समय से भाजपा के भीतर राजनीतिक वर्चस्व को लेकर अलग-अलग खेमों के बीच खींचतान की चर्चा होती रही है। मौजूदा घटनाक्रम ने इस चर्चा को एक बार फिर तेज कर दिया है।

पार्टी ज्वाइनिंग को लेकर भी आमने-सामने आए दोनों खेमे

राजनीतिक खींचतान के बीच भाजपा में कुछ लोगों की ज्वाइनिंग को लेकर भी विवाद सामने आया। बताया जा रहा है कि चौहान खेमे की ओर से पार्टी मुख्यालय में कुछ लोगों को भाजपा में शामिल कराने की तैयारी थी, लेकिन उनकी ज्वाइनिंग नहीं हो सकी। इसके बाद इन लोगों को एक सरकारी कार्यालय में भाजपा की सदस्यता दिलाए जाने की बात भी सामने आई। इस घटनाक्रम ने दोनों खेमों के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान को और चर्चा में ला दिया।

अब 12 करोड़ के बजट पर रोक से बढ़ा सियासी पारा

इन घटनाओं के बीच बुधवार शाम सामने आए जनजातीय कल्याण निदेशालय के आदेश ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। आदेश में उच्च स्तर से मिले निर्देशों के क्रम में जनजातीय क्षेत्रों से संबंधित करीब 12 करोड़ के बजट के खर्च पर फिलहाल रोक लगाए जाने की बात सामने आई है। आदेश सामने आने के बाद इसे जौनसार की मौजूदा सियासी खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।

जौनसार में चर्चा में सियासी वर्चस्व की लड़ाई

जौनसार क्षेत्र में अगले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी लगातार तेज हो रही हैं। ऐसे में भाजपा के भीतर अलग-अलग नेताओं के बीच बढ़ती सक्रियता को भी राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ मुन्ना चौहान खेमे की सक्रियता नजर आ रही है, तो दूसरी ओर मंत्री खजान दास भी लगातार राजनीतिक गतिविधियों के केंद्र में हैं। फिलहाल 12 करोड़ के बजट पर लगी रोक ने जौनसार की सियासत को नया मुद्दा दे दिया है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.