होटल में महिला मित्र के साथ ठहरे युवक की संदिग्ध मौत, शक्तिवर्धक दवाओं के ओवरडोज की आशंका

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक होटल में महिला मित्र के साथ ठहरे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में शक्तिवर्धक दवाओं के ओवरडोज के चलते युवक की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

हल्द्वानी के होटल में महिला मित्र के साथ ठहरे युवक की संदिग्ध मौत

जानकारी के अनुसार, गौलागेट, राजपुरा निवासी 32 वर्षीय युवक एक पेसमेकर सेंटर में काम करता था। उसकी कई साल पहले शादी हो चुकी थी और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली निवासी 30 वर्षीय महिला से उसकी पुरानी दोस्ती थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात भी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम महिला बस से दिल्ली से हल्द्वानी पहुंची थी। इसके बाद दोनों ने शहर के एक होटल में कमरा लिया। आरोपों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रात में युवक ने शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन किया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत हो गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

युवक की हालत बिगड़ने पर महिला ने होटल के कर्मचारियों की मदद से उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और होटल के कमरे की जांच की। इस दौरान कमरे से दवाएं बरामद की गई है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत की परिस्थितियों को लेकर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। मामले को लेकर एसएचओ विजय सिंह मेहता का कहना है कि युवक के साथ मौजूद महिला भी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.