उत्तराखंड में भाई दूज की छुट्टी का फर्जी आदेश वायरल, शासन दिए कानूनी कार्रवाई के निर्देश

उत्तराखंड में भाई दूज के अवसर पर 11 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने का एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शासन ने इसका संज्ञान लिया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि 11 नवंबर 2026 को भाई दूज का अवकाश घोषित किए जाने से संबंधित आदेश पूरी तरह फर्जी और निराधार है।

उत्तराखंड में भाई दूज की छुट्टी का फर्जी आदेश वायरल

इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से 9 नवंबर 2026 को सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक को पत्र भेजा गया है। पत्र में बताया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर 11 नवंबर को भाई दूज का अवकाश घोषित किए जाने का कूटरचित आदेश प्रसारित किया गया है।

शासन के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी का अवकाश सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना संख्या 1457 दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के तहत पहले ही घोषित किया गया था। इसी अधिसूचना में कूटरचना कर 11 नवंबर 2026 को भाई दूज का अवकाश घोषित किए जाने का फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।

अज्ञात के खिलाफ होगी कार्रवाई

सचिव ने अपने पत्र में फर्जी आदेश का खंडन प्रसारित कराने का अनुरोध किया है, ताकि लोगों के बीच किसी तरह का भ्रम न फैले। साथ ही फर्जी आदेश जारी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है। इस मामले में फर्जी आदेश जारी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.